पर्यावरण संरक्षण के साथ पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा: केंद्रीय मंत्री यादव
अलवर। केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री तथा अलवर सांसद भूपेन्द्र यादव ने रविवार को थानागाजी क्षेत्र के टहला में ₹5.5 करोड़ की लागत से निर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन सहित ₹27.5 करोड़ से अधिक लागत के 12 से अधिक विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि अलवर जिले में पर्यटन और पर्यावरण की असीम संभावनाएं हैं, जिन्हें संरक्षित रखते हुए स्थानीय विकास और रोजगार के अवसर सृजित किए जाएंगे। उन्होंने टहला-थानागाजी क्षेत्र को धार्मिक और पर्यटन दृष्टि से महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि यहां उदयनाथ जी, पारासर जी, नीलकंठ महादेव, पांडुपोल और नारायणी माता जैसे आध्यात्मिक स्थल, साथ ही अजबगढ़-भानगढ़ और काकरवाड़ी किला जैसे पर्यटन स्थल मौजूद हैं।
पर्यावरण संरक्षण में स्थानीय सहभागिता
मंत्री यादव ने सरिस्का क्षेत्र के ‘बाघ मित्रों’ की सराहना करते हुए कहा कि वे प्लास्टिक और कचरे की सफाई कर पर्यावरण बचाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने एलीवेटेड रोड परियोजना पर स्थानीय जनभावनाओं के अनुरूप विचार का आश्वासन दिया।
कृषि और डेयरी क्षेत्र को मिलेगा सशक्त आधार
यादव ने बताया कि अलवर में ₹300 करोड़ की लागत से 5 लाख लीटर प्रतिदिन क्षमता वाला नया दुग्ध प्रसंस्करण संयंत्र स्थापित किया जा रहा है। साथ ही गोकुल मिशन के तहत पशुधन नस्ल सुधार व उन्नत चारे के बीज की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है।
उन्होंने कहा कि राजीविका के माध्यम से महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं और जिले में बड़ी संख्या में “लखपति दीदी” तैयार की जाएंगी।
ERCP योजना से पूर्वी राजस्थान को मिलेगा लाभ
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना (ERCP) की पहली चरण की डीपीआर तैयार हो चुकी है और इससे अलवर सहित आसपास के क्षेत्रों को पानी मिलेगा। साथ ही रूपारेल नदी के पुनर्जीवन कार्य भी प्रगति पर हैं।
उन्होंने ‘एक देश, एक चुनाव’ की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि बार-बार होने वाले चुनाव विकास की गति में बाधा बनते हैं।
जनहित की घोषणाएं और मांगों पर आश्वासन
पूर्व मंत्री हेमसिंह भड़ाना द्वारा क्षेत्र की प्रमुख मांगों जैसे टहला-बांदीकुई-जयपुर बस सेवा पुनः प्रारंभ, टहला में उपखंड कार्यालय एवं पंचायत समिति का गठन आदि पर मंत्री श्री यादव ने सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
उदयनाथ गिरी आश्रम का दौरा और वन क्षेत्र विकास की योजना
यादव ने टोडी लुहारान स्थित उदयनाथ गिरी आश्रम का भ्रमण कर समाधि पर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कैम्पा फंड से आश्रम के आस-पास वन क्षेत्र को नगर वन के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए।
इन कार्यों का हुआ लोकार्पण/शिलान्यास
₹5.5 करोड़ लागत से नवीन CHC भवन, टहला
₹1.5 करोड़ लागत से PHC हमीरपुर का नया भवन
₹73 लाख लागत से राजकीय प्राथमिक विद्यालय, जोनेटा का नया भवन
₹11 करोड़ लागत से 25 किमी ग्रामीण सड़कों का निर्माण, जिसमें धीरोड़ा, श्यालूता, कूटूकी, नांगलदासा, मिश्राला आदि शामिल
रा.उ.मा. विद्यालय (टहला, नीमला, श्यालूता) में 3 नवीन कमरे व शौचालय निर्माण हेतु ₹45-45 लाख की लागत से शिलान्यास
उपस्थित गणमान्य
इस अवसर पर जिला प्रमुख बलबीर सिंह छिल्लर, जिला अध्यक्ष अशोक गुप्ता, पूर्व मंत्री हेमसिंह भड़ाना, रामहेत सिंह यादव, सीएमएचओ डॉ. योगेन्द्र शर्मा, महंत बाबूलाल शर्मा, प्रदीप पंचोली (मंच संचालन) सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।