“हक की आवाज़ उठाने वालों को तुम कॉकरोच नाम देते हो,
जयपुर। राजस्थान सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. रोहिताश्व शर्मा ने युवाओं, बेरोजगारी और NEET पेपर लीक जैसे मुद्दों को लेकर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि आज देश का युवा खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है। उन्होंने कहा कि जो युवा दिन-रात मेहनत कर देश का भविष्य बनाने का सपना देखते हैं, आज वही व्यवस्था के उपहास और अपमान का शिकार हो रहे हैं।
उन्होंने कहा—
“हक की आवाज़ उठाने वालों को तुम कॉकरोच नाम देते हो,
जो देश बनाते हैं, उन्हें ही तुम बदनाम करते हो।
मत समझो कमजोर, यह युवाओं का सैलाब है,
तुम्हारे हर एक अपमान का, हम युवा कॉकरोच बनकर जवाब देंगे।”
डॉ. शर्मा ने कहा कि जब सत्ता अहंकार में डूब जाती है और युवाओं के संघर्ष को कीड़े-मकौड़ों की तरह देखने लगती है, तब यह संकेत होता है कि बदलाव की लहर उठ चुकी है। उन्होंने कहा कि रोजगार मांगना कोई अपराध नहीं है, बल्कि यह हर युवा का संवैधानिक और नैतिक अधिकार है। लेकिन दुर्भाग्य की बात है कि वर्षों की मेहनत करने वाले युवाओं को कभी पेपर लीक, कभी भर्ती घोटालों और कभी बेरोजगारी की मार झेलनी पड़ रही है।
उन्होंने विशेष रूप से NEET पेपर लीक मामले का उल्लेख करते हुए कहा कि लाखों विद्यार्थियों और उनके परिवारों के सपनों के साथ खिलवाड़ किया गया है। मेहनत करने वाले युवाओं का भविष्य लगातार दांव पर लगाया जा रहा है और सरकारें केवल आश्वासन देने तक सीमित हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर युवाओं के साथ यह अन्याय कब तक चलता रहेगा?
डॉ. रोहिताश्व शर्मा ने कहा कि देश का युवा अब चुप बैठने वाला नहीं है। बेरोजगारी, बढ़ती महंगाई और भ्रष्ट व्यवस्था के खिलाफ एक नई आवाज़ खड़ी हो रही है। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई केवल किसी एक संगठन या पार्टी की नहीं, बल्कि हर उस युवा की है जो अपने अधिकार और सम्मान के लिए संघर्ष कर रहा है।
उन्होंने कहा कि वे और उनके सभी साथी युवा शक्ति के साथ मिलकर “कॉकरोच पार्टी” का समर्थन करते हैं और युवाओं के सम्मान, रोजगार तथा न्याय की इस लड़ाई में कंधे से कंधा मिलाकर साथ चलेंगे। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे एकजुट होकर अपनी लोकतांत्रिक ताकत दिखाएं और व्यवस्था को यह एहसास कराएं कि युवा केवल वोट बैंक नहीं, बल्कि देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


