योजनाओं, सुझावों की भागीदारी के साथ ग्राम रथ अभियान पहुंचा गांव-गांव
अलवर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में संचालित ग्राम विकास रथ अभियान जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में जनजागरूकता का प्रभावी माध्यम बनता जा रहा है। अभियान के तहत एलईडी स्क्रीन से सुसज्जित रथ गांव-गांव पहुंचकर केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचा रहे हैं। इससे ग्रामीणों में योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ रही है और वे इनका लाभ लेने के लिए प्रेरित हो रहे हैं।
अभियान के माध्यम से कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, सामाजिक सुरक्षा और रोजगार सहित 13 विभागों की महत्वपूर्ण योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को विस्तार से दी जा रही है। रथ के साथ वितरित किए जा रहे पंपलेट और प्रचार सामग्री ग्रामीणों के लिए उपयोगी साबित हो रहे हैं। विशेष रूप से खेती-किसानी से जुड़ी योजनाओं के प्रति किसानों में उत्साह देखा जा रहा है।
ग्राम रथ कार्यक्रमों में लगाई गई सुझाव पेटिका भी ग्रामीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बन रही है। ग्रामीण अपनी समस्याएं, सुझाव और आवश्यकताएं लिखकर पेटिका में डाल रहे हैं, जिन्हें राज्य स्तर तक भेजा जा रहा है। इससे प्रशासन और ग्रामीणों के बीच सीधा संवाद स्थापित हो रहा है तथा गांवों के विकास की नई संभावनाएं सामने आ रही हैं।
अभियान के तहत आयोजित संध्या चौपालों में लोक कलाकार गीत-संगीत और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से योजनाओं की जानकारी रोचक अंदाज में दे रहे हैं। कलाकारों की प्रस्तुतियों को देखने के लिए ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ रही है। इन कार्यक्रमों के जरिए विकसित भारत और विकसित राजस्थान के संकल्प को गांव स्तर तक मजबूत किया जा रहा है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


