आईएमए भिवाड़ी द्वारा आयोजित दो दिवसीय राज्य स्तरीय चिकित्सा सम्मेलन राजमेडिकॉन 2026
मिशनसच न्यूज, अलवर। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) भिवाड़ी द्वारा आयोजित दो दिवसीय राज्य स्तरीय चिकित्सा सम्मेलन राजमेडिकॉन 2026 – अमृतम का आयोजन 10 एवं 11 जनवरी 2026 को ओम शांति रिट्रीट सेंटर, बिलासपुर (भिवाड़ी) में अत्यंत भव्यता और सफलता के साथ संपन्न हुआ। सम्मेलन में प्रदेशभर से 850 से अधिक चिकित्सकों ने पंजीकरण कर सहभागिता की, जिससे यह आयोजन राजस्थान के सबसे सफल चिकित्सा सम्मेलनों में शामिल हो गया।
सम्मेलन के आयोजन से चिकित्सा जगत में नवीन शोध, तकनीकी प्रगति, जीवनशैली रोगों की रोकथाम और मानसिक स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक विमर्श हुआ। साथ ही यह आयोजन चिकित्सा समुदाय के आपसी संवाद, सहयोग और प्रेरणा का भी सशक्त मंच बना।
गरिमामयी उद्घाटन समारोह
राजमेडिकॉन 2026 – अमृतम के आयोजन अध्यक्ष डॉ. रूप सिंह ने बताया कि सम्मेलन का उद्घाटन 10 जनवरी को ओम शांति रिट्रीट सेंटर, बिलासपुर में सम्पन्न हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में बीके आशा दीदी उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथियों में डॉ. एम.एल. स्वर्णकार (महात्मा गांधी मेडिकल कॉलेज, जयपुर), डॉ. धर्मेंद्र नागर (पारस हेल्थकेयर), विधायक डॉ. शिखा मील (चौमू) तथा आईएमए के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. एस.एन. चुघ उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता आईएमए राजस्थान के अध्यक्ष डॉ. एम.पी. शर्मा ने की, जबकि सचिव डॉ. पी.सी. गर्ग और कोषाध्यक्ष डॉ. एन.के. अग्रवाल भी मंचासीन रहे। समारोह में डॉ. रजनीश शर्मा, डॉ. एस.एन. हर्ष, डॉ. अशोक शारदा एवं आईएमए अलवर के पूर्व अध्यक्ष डॉ. एस.सी. मित्तल की विशेष उपस्थिति रही। सम्मेलन की रूपरेखा और उद्देश्य की जानकारी डॉ. रूप सिंह, डॉ. नीरज अग्रवाल, डॉ. अजय गोयल, डॉ. मुदित मित्तल एवं डॉ. मनीष चौहान द्वारा दी गई।
35 वैज्ञानिक व्याख्यानों में चिकित्सा नवाचार पर मंथन
सम्मेलन के दौरान देश के शीर्ष चिकित्सा विशेषज्ञों द्वारा विभिन्न विषयों पर लगभग 35 वैज्ञानिक व्याख्यान प्रस्तुत किए गए। एंटीबायोटिक के दुरुपयोग को रोकने और एंटी माइक्रोबियल रेजिस्टेंस (AMR) पर राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. सैनी ने माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का संदेश सुनाया।
कैंसर विशेषज्ञ डॉ. निमेश मेहता (जयपुर) एवं डॉ. हेमंत मल्होत्रा ने चेताया कि फास्ट फूड भविष्य में कैंसर की “सुनामी” ला सकता है, इसलिए रोकथाम पर आईएमए को सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। मेदांता अस्पताल के उपनिदेशक डॉ. रजनीश कपूर ने हार्ट सर्जरी की नवीनतम तकनीकों पर पत्र वाचन किया, जबकि न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. प्रवीण गुप्ता ने माइग्रेन के नवीन उपचारों की जानकारी दी।
फोर्टिस मानेसर, फोर्टिस गुरुग्राम, पारस हॉस्पिटल गुरुग्राम एवं दिल्ली के जी.बी. पंत हॉस्पिटल के विशेषज्ञ डॉ. मोहित गुप्ता ने जीवनशैली रोगों, तनाव प्रबंधन और ध्यान विषय पर व्याख्यान दिया। पुणे से आए डॉ. मनोज मतनानी ने “वेल्यू इन हेल्थ केयर” पर महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान किया।
ध्यान और मानसिक स्वास्थ्य पर विशेष सत्र
ब्रह्माकुमारी ओम आरसी की निदेशक बीके आशा दीदी ने चिकित्सकों को राजयोग ध्यान द्वारा संकल्प शक्ति जागृत करने और दवा के साथ मानसिक संतुलन को जोड़ने का संदेश दिया। बीके विधातरी और हुसैन दीदी द्वारा चिकित्सकों के लिए ध्यान का प्रैक्टिकल सत्र भी आयोजित किया गया, जिससे तनाव प्रबंधन और आत्मशांति का अनुभव सभी ने किया।
‘द व्हाइट कोट जर्नी’ बना आकर्षण
प्रथम दिवस का समापन एक भव्य सांस्कृतिक संध्या “द व्हाइट कोट जर्नी” के साथ हुआ। इसमें आईएमए भिवाड़ी के 24 वरिष्ठ चिकित्सकों द्वारा चिकित्सक जीवन की चुनौतियों पर आधारित नाट्य प्रस्तुति दी गई, जिसे दर्शकों ने अत्यंत सराहा। इसी अवसर पर आगामी राजमेडिकॉन टोंक का पोस्टर विमोचन भी किया गया।
डॉ. एस.सी. मित्तल का लाफ्टर योग सेशन रहा सबसे चर्चित
11 जनवरी की प्रातः 7 बजे हॉल बी में आईएमए अलवर के पूर्व अध्यक्ष एवं इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी अलवर के चेयरमैन डॉ. एस.सी. मित्तल द्वारा लाफ्टर योग सेशन आयोजित किया गया। यह सेशन पूरे सम्मेलन का सबसे चर्चित और सराहा गया कार्यक्रम बना।
चिकित्सक हँसते-हँसते लोटपोट हो गए, कई डॉक्टरों के पेट में हँसते-हँसते दर्द हो गया और कुछ की आंखों से हँसी के आंसू निकल आए। बड़ी संख्या में चिकित्सकों ने डॉ. मित्तल के लाफ्टर योग की भूरी-भूरी प्रशंसा की तथा उनसे फोन नंबर लेकर ऑनलाइन लाफ्टर सेशन से जुड़ने का आग्रह भी किया।
समापन एवं सम्मान समारोह
दूसरे दिन वैज्ञानिक सत्रों के समापन के पश्चात समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित हुआ। सम्मेलन में प्रमुख सहयोगी संस्थानों महात्मा गांधी मेडिकल कॉलेज यूनिवर्सिटी, पारस हॉस्पिटल गुरुग्राम, ब्रह्माकुमारी, दो बीघा कंपनी, मेदांता हॉस्पिटल, आशियाना हाउसिंग लिमिटेड भिवाड़ी और फोर्टिस को सम्मानित किया गया।
सायंकाल होटल ट्रीहाउस, भिवाड़ी में आयोजित बैंक्वेट डिनर में एडीएम भिवाड़ी श्रीमती सुमित्रा मिश्रा ने राजमेडिकॉन 2026 – अमृतम के सफल आयोजन हेतु आयोजकों को बधाई दी।
चिकित्सा, मानवता और सेवा का प्रेरणास्पद संगम
राजमेडिकॉन 2026 – अमृतम केवल एक चिकित्सा सम्मेलन नहीं, बल्कि ज्ञान, नवाचार, सेवा और मानवता के संगम का सशक्त उदाहरण बना। सम्मेलन ने यह संदेश दिया कि आधुनिक चिकित्सा के साथ मानसिक स्वास्थ्य, ध्यान और सकारात्मक सोच भी चिकित्सक और समाज – दोनों के लिए आवश्यक हैं।
भिवाड़ी-बिलासपुर में आयोजित यह भव्य आयोजन राजस्थान के चिकित्सा जगत में एक नई ऊर्जा, नई दिशा और नई प्रेरणा छोड़ गया।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


