वंदे गंगा अभियान और जनसमस्याओं के समाधान पर समीक्षा, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश
जयपुर। उपमुख्यमंत्री एवं राजसमंद प्रभारी मंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने गुरुवार को राजसमंद जिला परिषद सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों की विस्तृत समीक्षा बैठक ली। बैठक में पानी-बिजली की आपूर्ति, वंदे गंगा अभियान, फ्लैगशिप योजनाओं और विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
उपमुख्यमंत्री डॉ. बैरवा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेयजल और बिजली आपूर्ति में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि आमजन से जुड़ी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
बैठक में समर कंटीन्जेसी प्लान, जल संचय-जन भागीदारी अभियान और वंदे गंगा अभियान की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का यह महत्वाकांक्षी अभियान है, जिसका सफल क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने पर जोर देते हुए गांव-गांव और शहरों में जल जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया।
बैठक के दौरान राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना, कुसुम योजना, लाडो प्रोत्साहन योजना, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, स्वच्छ भारत मिशन, स्वामित्व योजना, मुख्यमंत्री स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना और जल जीवन मिशन सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। पंच गौरव योजना के अंतर्गत संचालित लखपति दीदी, सोलर दीदी, ड्रोन दीदी, बैंक सखी, कृषि सखी और पशु सखी कार्यक्रमों की भी जानकारी ली गई।
इसके अलावा प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत स्वास्थ्य अवसंरचना मिशन, मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान 2.0, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, अटल प्रगति पथ, प्रधानमंत्री आवास योजना, मिशन हरियालो राजस्थान और मुख्यमंत्री शिक्षित राजस्थान अभियान सहित कई योजनाओं की समीक्षा कर अधिकारियों को समयबद्ध कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
उपमुख्यमंत्री ने अवैध जल कनेक्शनों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश देते हुए कहा कि गर्मी के मौसम में आमजन को पानी की कमी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने पीएचईडी और एवीवीएनएल अधिकारियों से जिले की पानी-बिजली व्यवस्था की विस्तृत जानकारी ली।
बैठक में सांसद महिमा कुमारी मेवाड़, राजसमंद विधायक दीप्ति माहेश्वरी, नाथद्वारा विधायक विश्वराज सिंह मेवाड़ और जिलाध्यक्ष जगदीश पालीवाल सहित जनप्रतिनिधियों ने पेयजल सप्लाई, बाघेरी परियोजना, विद्युत आपूर्ति, आरडीएसएस, चिकित्सा सेवाओं और अन्य मुद्दों को उठाया। इस पर उपमुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
डॉ. बैरवा ने कहा कि राज्य सरकार आमजन के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने अधिकारियों से संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा।
जल संरक्षण पर जोर देते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान की पहचान जल संसाधनों के संतुलित उपयोग से रही है। उन्होंने युवाओं और ग्रामीण समुदायों से जल संरक्षण अभियान से जुड़ने और वर्षा जल संग्रहण को बढ़ावा देने का आह्वान किया।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


