जिला स्तरीय सीएसआर कार्यशाला में जल प्रबंधन और ग्रीन इनिशिएटिव पर चर्चा, सीएसआर सहयोग बढ़ाने पर जोर
अलवर। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सालुखे गौरव रवीन्द्र की अध्यक्षता में गुरुवार को रीको सभाकक्ष में ‘वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान-2026’ के तहत जिला स्तरीय सीएसआर कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में जल संरक्षण एवं पर्यावरण सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर औद्योगिक संघों और सीएसआर कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ विस्तृत परिचर्चा की गई।
कार्यशाला में जल संरक्षण व प्रबंधन, ग्रीन इनिशिएटिव ऑफिस, एनर्जी बजट एवं एनर्जी ऑडिट सहित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। जिला परिषद के सीईओ सालुखे गौरव रवीन्द्र ने सीएसआर कंपनियों और औद्योगिक संघों से जल संरक्षण जन अभियान के तहत अधिकाधिक सहयोग करने का आह्वान किया।
उन्होंने बढ़ते जल संकट को देखते हुए तालाब, जोहड़, एनिकट, रिचार्ज संरचनाएं और वर्षा जल संचयन कार्यों में निवेश बढ़ाने पर जोर दिया। साथ ही पिछड़े और दूरस्थ क्षेत्रों के विकास के लिए संयुक्त कार्य योजना तैयार करने की आवश्यकता बताई।
अतिरिक्त जिला कलक्टर शहर अंबा लाल मीणा ने मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान 2.0 और वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत जल स्रोतों के पुनर्जीवन और भूजल स्तर सुधार को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने हरियालो राजस्थान अभियान के तहत अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने की अपील भी की।
कार्यशाला में वाटरशेड विभाग के अधीक्षण अभियंता नरेन्द्र सिंह मोठू ने पीपीटी के माध्यम से मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान 2.0 की कार्य योजना का प्रस्तुतीकरण किया। इस दौरान ग्रीन ऑफिस इनिशिएटिव, एनर्जी ऑडिट और ग्रीन बजट विषय पर भी विस्तृत चर्चा की गई।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई गई। कार्यशाला में जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र के महाप्रबंधक संजय प्रधान, रीको के वरिष्ठ क्षेत्रीय प्रबंधक परेश सक्सेना, मत्स्य उद्योग संघ के अध्यक्ष मनोज गुप्ता, अलवर चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष निकुंज सांघी, लघु उद्योग भारती के अध्यक्ष संदीप मुदगल सहित विभिन्न सीएसआर कंपनियों के प्रतिनिधि, औद्योगिक संघों के पदाधिकारी और जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


