More
    Homeराजस्थानजयपुररायपुर में पहली बार होगा राष्ट्रीय जैन पत्रकार सम्मेलन, 30 सितंबर को...

    रायपुर में पहली बार होगा राष्ट्रीय जैन पत्रकार सम्मेलन, 30 सितंबर को जुटेंगे देशभर के पत्रकार

    पत्रकार सम्मेलन में जैन धर्मायतनों के संरक्षण-संवर्धन में मीडिया की भूमिका पर होगा चिंतन-मंथन

    जयपुर। छत्तीसगढ़ के रायपुर में पहली बार राष्ट्रीय जैन पत्रकार सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। छत्तीसगढ़ सकल दिगंबर जैन समाज के तत्वावधान में बुधवार, 30 सितंबर 2026 को श्री अग्रसेन धाम, जी.ई. रोड, रायपुर में राष्ट्रीय जैन पत्रकार सम्मेलन का आयोजन प्रस्तावित है। सम्मेलन परम पूज्य आचार्य श्री विद्यासागरजी महाराज के परम प्रभावक शिष्य मुनि श्री आगम सागरजी, मुनि श्री पुनीत सागरजी, ऐलक श्री धैर्य सागरजी एवं स्वागत सागरजी महाराज के मंगल आशीर्वाद एवं सान्निध्य में आयोजित होगा।

    सम्मेलन में जैन पत्रकार महासंघ का विशेष सहयोग रहेगा। देशभर से वरिष्ठ संपादक, पत्रकार, लेखक, विद्वान और मीडिया प्रतिनिधि सम्मेलन में शामिल होंगे। सम्मेलन में जैन धर्मायतनों के संरक्षण एवं संवर्धन में पत्रकारिता की भूमिका को लेकर चिंतन और मंथन किया जाएगा।

    देशभर से जुटेंगे पत्रकार और विद्वान

    जैन पत्रकार महासंघ की राष्ट्रीय महामंत्री उदयभान जैन, जयपुर ने बताया कि राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन प्रकाश मोदी, निदेशक पारस चैनल एवं कार्याध्यक्ष छत्तीसगढ़ सकल जैन समाज के निर्देशन में किया जा रहा है। आयोजन समिति के अध्यक्ष विनोद जैन बड़जात्या तथा दैनिक विश्व परिवार के संपादक प्रदीप कुमार जैन के संयोजकत्व में सम्मेलन की तैयारियां की जा रही हैं।

    जैन पत्रकार महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष रमेश जैन तिजारिया, जयपुर तथा छत्तीसगढ़ जैन समाज के महासचिव संदीप लुहाडिया, सौरभ जैन गोलू अकलतरा, क्षितिज जैन बुंदेलखंड प्रभारी एवं सेठ भरत जैन, पत्रकार घुआरा सहित आयोजन से जुड़े पदाधिकारियों ने देश के वरिष्ठ संपादकों, पत्रकारों, मनीषियों और विद्वानों को सम्मेलन में आमंत्रित किया है।

    जैन संस्कृति के संरक्षण में पत्रकारिता की भूमिका पर चर्चा

    राष्ट्रीय सम्मेलन के मुख्य प्रदीप जैन, रायपुर ने बताया कि सम्मेलन में देशभर से मुद्रित एवं इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों के संपादक, वरिष्ठ पत्रकार, संवाददाता, लेखक और मीडिया प्रतिनिधि सहभागी होंगे।

    सम्मेलन में जैन धर्म, संस्कृति और धर्मायतनों से जुड़े विषयों पर पत्रकारिता की भूमिका, संरक्षण एवं संवर्धन की आवश्यकता तथा वर्तमान समय में समाज और संस्कृति के समक्ष मौजूद चुनौतियों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

    सुबह 8:30 बजे से शुरू होगा सम्मेलन

    आयोजन के अनुसार सम्मेलन की शुरुआत प्रातः 8:30 बजे होगी। प्रातः 9 बजे पंजीयन के बाद 10:15 बजे प्रथम सत्र आयोजित किया जाएगा। दोपहर 1:30 बजे भोजन अवकाश रहेगा। इसके बाद दोपहर 2:30 बजे से शाम 5 बजे तक द्वितीय सत्र आयोजित होगा।

    द्वितीय सत्र में परस्पर विचार-विमर्श, सम्मान समारोह और समापन कार्यक्रम होंगे। सम्मेलन में देशभर से आने वाले पत्रकारों एवं मीडिया प्रतिनिधियों के बीच जैन समाज और संस्कृति से जुड़े विषयों पर संवाद का अवसर मिलेगा।

    मीडिया प्रतिनिधियों से सम्मेलन में पहुंचने का आग्रह

    आयोजन समिति के संरक्षक नरेंद्र जैन गुरु कृपा, रायपुर ने सभी मीडिया प्रतिनिधियों से राष्ट्रीय जैन पत्रकार सम्मेलन में सहभागी बनने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय की आवश्यकता को देखते हुए जैन समाज और संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन के अभियान को मजबूत करने में पत्रकारिता की महत्वपूर्ण भूमिका हो सकती है।

    आयोजकों ने देशभर के पत्रकारों, संपादकों, लेखकों एवं विद्वानों से रायपुर पहुंचकर सम्मेलन को सफल बनाने की अपील की है।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here