नैथला गांव के रास्ते के विवाद में लाठी-डंडे, तलवार और चाकू चलने का आरोप, कई लोग घायल
अलवर। जिले के मालाखेड़ा थाना क्षेत्र के बड़ा गांव नैथला में जमीन के रास्ते (डोल) को लेकर दो पक्षों के बीच पुराना विवाद रविवार को हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर लाठी-डंडों, तलवार और चाकू से हमला कर दिया। घटना में हेड कांस्टेबल के परिवार के कई सदस्य घायल हो गए। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया।
पीड़ित पक्ष के अनुसार हमले में गीता, मुनिता, ऊषा देवी, लाखन सिंह और अमित सिंह घायल हुए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
पीड़ितों ने आरोप लगाया कि धर्मेंद्र सिंह, जितेंद्र सिंह, दिलीप सिंह, गब्बर सिंह, राहुल, भानु, चींटी, रैणु, रामा, विमलेश, अनार बाई, काजल, रघुनाथ सिंह, पूनम, कामना सहित अन्य लोगों ने एकजुट होकर लाठी-डंडों, तलवार और चाकू से हमला किया।
तीन दिन पहले भी हुई थी समझाइश
ग्रामीणों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच जमीन के डोल (रास्ते) को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। करीब तीन दिन पहले भी ग्रामीणों एवं स्थानीय लोगों की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच समझाइश का प्रयास किया गया था, लेकिन विवाद का स्थायी समाधान नहीं निकल सका। रविवार को एक बार फिर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मामला मारपीट तक पहुंच गया।
पुलिस बोली- रिपोर्ट मिलने पर होगी कार्रवाई
मालाखेड़ा थाना प्रभारी किरण सिंह ने बताया कि मामला जमीन के रास्ते (डोल) से जुड़े विवाद का है। दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हुआ है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई थी।
उन्होंने बताया कि जैसे ही किसी पक्ष की ओर से रिपोर्ट प्राप्त होगी, पुलिस नियमानुसार मामला दर्ज कर जांच शुरू करेगी और तथ्यों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


