जनहित और सुरक्षा का मुद्दा उठाया, शराब ठेका हटाने की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन
अलवर। शहर के वैशाली नगर क्षेत्र स्थित अम्बेडकर विस्तार सौम्या विहार के पास पालका रोड वार्ड संख्या 38 में हाल ही में खोले गए शराब ठेके के विरोध में सोमवार को स्थानीय नागरिकों और महिलाओं ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने रिहायशी क्षेत्र से शराब ठेका हटाने की मांग करते हुए प्रशासन के प्रति नाराजगी व्यक्त की।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस स्थान पर शराब ठेका खोला गया है, उसके आसपास मंदिर, विद्यालय और पुस्तकालय संचालित हैं, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग आते-जाते हैं। ऐसे में आबादी वाले क्षेत्र के बीच शराब ठेका संचालित होने से सामाजिक वातावरण प्रभावित होने की आशंका है।
प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने कहा कि शराब ठेका खुलने के बाद क्षेत्र में बाहरी लोगों की आवाजाही बढ़ गई है, जिससे स्थानीय परिवारों में असुरक्षा की भावना पैदा हो रही है। उनका कहना है कि यह क्षेत्र लंबे समय से शांत और व्यवस्थित रिहायशी कॉलोनी के रूप में जाना जाता है, लेकिन शराब ठेके के संचालन से माहौल बिगड़ने का खतरा बढ़ गया है।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि शराब ठेका संचालित होने से भविष्य में झगड़े, गाली-गलौज, शोर-शराबा और अन्य सामाजिक समस्याएं बढ़ सकती हैं। इसका नकारात्मक प्रभाव बच्चों की शिक्षा, महिलाओं की सुरक्षा और क्षेत्र के सामाजिक परिवेश पर पड़ सकता है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि जनभावनाओं, महिलाओं की सुरक्षा तथा क्षेत्र के सामाजिक माहौल को ध्यान में रखते हुए उक्त शराब ठेके को तत्काल प्रभाव से हटाया जाए अथवा किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित किया जाए।
प्रदर्शन के बाद कॉलोनीवासियों ने अपनी मांगों को लेकर संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा और शीघ्र कार्रवाई की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


