सड़क योजना में बदलाव की मांग, सीताराम गुप्ता ने 6 लेन की जगह 4 लेन का दिया प्रस्ताव
भरतपुर। समृद्ध भारत अभियान के निदेशक सीताराम गुप्ता ने भरतपुर शहर में प्रस्तावित रेलवे स्टेशन रोड के चौड़ीकरण को लेकर मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर महत्वपूर्ण सुझाव दिए हैं। उन्होंने भरतपुर विकास प्राधिकरण (बीडीए) द्वारा रेडक्रॉस सर्कल से रेलवे स्टेशन तक प्रस्तावित 6 लेन सड़क के स्थान पर 4 लेन सड़क बनाने का सुझाव दिया है, ताकि क्षेत्र के व्यापारियों और स्थानीय संस्थानों को अनावश्यक नुकसान से बचाया जा सके।
गुप्ता ने अपने पत्र में उल्लेख किया कि वर्तमान में भरतपुर विकास प्राधिकरण द्वारा रेडक्रॉस सर्कल से रेलवे स्टेशन तक की सड़क को 6 लेन में परिवर्तित करने की प्रक्रिया चल रही है। यदि इस सड़क का अत्यधिक चौड़ीकरण किया जाता है तो इसके आसपास स्थित कई दुकानों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों को नुकसान होने की संभावना है, जिससे स्थानीय व्यापारियों और आम नागरिकों को आर्थिक व सामाजिक परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
उन्होंने सुझाव दिया कि रेलवे स्टेशन के पास स्थित दलवीर सिंह की भूमि, जिसका अधिग्रहण बीडीए द्वारा किया गया है, से लेकर सेक्टर-3 स्थित राज गार्डन तक एक नई वैकल्पिक सड़क का निर्माण कर दिया जाए। इस वैकल्पिक मार्ग के बनने से रेलवे स्टेशन आने-जाने वाले लोगों को एक अतिरिक्त रास्ता मिल जाएगा और रेडक्रॉस सर्कल से स्टेशन रोड पर यातायात का दबाव भी काफी कम हो जाएगा।
गुप्ता ने कहा कि जब स्टेशन तक पहुंचने के लिए सेक्टर-3 के माध्यम से एक वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध होगा तो रेडक्रॉस सर्कल से रेलवे स्टेशन तक की सड़क को 6 लेन में परिवर्तित करने की आवश्यकता नहीं रहेगी। ऐसी स्थिति में इस मार्ग को 4 लेन में ही विकसित किया जा सकता है, जिससे सड़क चौड़ीकरण के कारण होने वाली तोड़फोड़ से व्यापारिक प्रतिष्ठानों को बचाया जा सकेगा।
अपने पत्र में उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी नए विकास प्रोजेक्ट को शुरू करने से पहले भरतपुर विकास प्राधिकरण को यह आकलन अवश्य करना चाहिए कि उससे आम जनता, व्यापारियों और स्थानीय निवासियों को कितना नुकसान हो सकता है। यदि किसी परियोजना से अनावश्यक नुकसान की संभावना हो, तो उसके विकल्पों पर भी गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए।
गुप्ता के अनुसार रेलवे स्टेशन रोड को 6 लेन बनाने से यातायात का दबाव बहुत अधिक बढ़ने की संभावना नहीं है, क्योंकि मुख्य रूप से दिल्ली की ओर से आने-जाने वाले वाहन ही इस मार्ग का उपयोग करते हैं। वहीं शहर के अधिकांश लोगों के लिए सेक्टर-3 के रास्ते से रेलवे स्टेशन तक पहुंचने का नया और सुविधाजनक मार्ग उपलब्ध हो सकता है।
उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि इस प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार करते हुए ऐसा समाधान निकाला जाए जिससे शहर का विकास भी हो और स्थानीय व्यापारियों व नागरिकों के हितों की भी रक्षा हो सके।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


