रेल विकास को लेकर ऑनलाइन बैठक में संगठन विस्तार और प्राथमिक मांगों पर चरणबद्ध अभियान चलाने का निर्णय
अलवर। रेल विकास संघर्ष समिति, अलवर की ऑनलाइन बैठक समिति के अध्यक्ष कमल कान्त खड़िया के संयोजन में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता उपाध्यक्ष अखिलेश शुक्ला ने की, जबकि संगठन मंत्री गौरव शर्मा ने संगठन को मजबूत बनाने और आगामी कार्ययोजना को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
बैठक में नीरज बसवाल, त्रिभुवन कौशिक, अभिषेक गुप्ता, दीपक फुलवानी, दीपक बत्रा, गर्वित जैन, प्रेम चंद जांगिड़, राहुल गुप्ता, मनोज कुमार, तेजेन्द्र सिंह निर्वाण, गौरव जांगिड़, सुनील कुमार, राकेश खंडेलवाल, पंडित शिवा गजिया तथा मोतीलाल विजयवर्गीय सहित समिति के सक्रिय सदस्यों ने भाग लेकर रेल विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने सुझाव रखे।
बैठक में संगठन को अधिक प्रभावी और सक्रिय बनाने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। सर्वसम्मति से तय किया गया कि समिति के व्हाट्सएप समूह को अब केवल प्रशासक व्यवस्था में संचालित किया जाएगा, जिससे रेल विकास से संबंधित महत्वपूर्ण सूचनाएं व्यवस्थित रूप से साझा की जा सकें और अनावश्यक संदेशों से आवश्यक जानकारी प्रभावित न हो।
इसके अलावा प्रत्येक सदस्य अपने स्तर पर जागरूक नागरिकों को समिति से जोड़ने का प्रयास करेगा, ताकि संगठन का विस्तार हो सके। यह भी निर्णय लिया गया कि प्रत्येक माह कम से कम एक प्रत्यक्ष बैठक आयोजित की जाएगी, जिससे आमने-सामने चर्चा कर प्रभावी रणनीति तैयार की जा सके।
बैठक में यह भी सहमति बनी कि एक साथ अनेक रेल मांगें उठाने के बजाय प्राथमिकता के आधार पर पहले दो से तीन महत्वपूर्ण मांगों पर पूरा ध्यान केंद्रित किया जाएगा। इन मांगों के समाधान के बाद अन्य विषयों पर चरणबद्ध तरीके से अभियान आगे बढ़ाया जाएगा।
समिति के अध्यक्ष कमल कान्त खड़िया ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस बार की बैठक में पहली बार 16 सदस्यों की सक्रिय भागीदारी रही, जो संगठन के लिए उत्साहवर्धक है। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में और अधिक नागरिक इस जनहित अभियान से जुड़ेंगे।
उपाध्यक्ष अखिलेश शुक्ला ने कहा कि किसी भी जनआंदोलन की सफलता मजबूत संगठन और सक्रिय कार्यकर्ताओं पर निर्भर करती है। वहीं संगठन मंत्री गौरव शर्मा ने सदस्यों से अपने-अपने क्षेत्रों में संगठन का विस्तार करने तथा जनप्रतिनिधियों और रेलवे अधिकारियों तक समिति की मांगों को लगातार पहुंचाने का आह्वान किया।
बैठक के अंत में रेल विकास संघर्ष समिति ने अलवर एवं आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों से रेल विकास अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए बेहतर रेल सुविधाओं के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

