रामनगर गुवाड़ा में ग्रामीणों की सतर्कता से मोर के शिकार की नाकाम हुई कोशिश, वन विभाग ने दर्ज किया मामला
रैणी। उपखंड क्षेत्र के रामनगर गुवाड़ा में देर रात राष्ट्रीय पक्षी मोर के शिकार का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और अज्ञात शिकारियों को पकड़ने का प्रयास किया। ग्रामीणों की भीड़ देखकर आरोपी अपनी मोटरसाइकिल मौके पर ही छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए जंगल के रास्ते फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलने पर रैणी थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। इसके बाद वन विभाग को सूचना दी गई, जिस पर रेंजर राहुल फौजदार अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।
बाइक के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू, ग्रामीणों में रोष
राष्ट्रीय पक्षी मोर के शिकार की घटना से क्षेत्र के ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता जताई।
रेंजर राहुल फौजदार ने बताया कि अज्ञात शिकारियों द्वारा मोर का शिकार किए जाने की सूचना मिलने पर टीम मौके पर पहुंची। मौके पर शिकारी अपनी मोटरसाइकिल छोड़कर फरार हो चुके थे। उन्होंने बताया कि मामले में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है तथा जब्त मोटरसाइकिल के पंजीकरण नंबर के आधार पर उसके मालिक और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
वन विभाग ने कहा कि मामले की गहन जांच की जा रही है और आरोपियों की पहचान होने के बाद नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

