नकदी पर चोरों का हाथ साफ, रॉयल कॉम्प्लेक्स स्थित दुकान से ₹1.80 लाख लेकर फरार
अलवर। शहर के सिविल लाइन क्षेत्र स्थित रॉयल कॉम्प्लेक्स में एक कपड़ा व्यापारी की दुकान का शटर तोड़कर अज्ञात चोर करीब ₹1.80 लाख नकद चोरी कर फरार हो गए। घटना का खुलासा उस समय हुआ जब व्यापारी शुक्रवार सुबह दुकान खोलने पहुंचे। सूचना पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पीड़ित अरुण गुप्ता, पुत्र मदन लाल गुप्ता, निवासी बसंत विहार स्कीम नंबर-3, अलवर ने बताया कि उनकी कपड़ों की दुकान रॉयल कॉम्प्लेक्स की प्रथम मंजिल पर स्थित है। रोजाना की तरह शुक्रवार सुबह जब वह दुकान खोलने पहुंचे तो शटर के ताले टूटे हुए मिले। दुकान के अंदर जाकर देखा तो गल्ला खुला पड़ा था और उसमें रखी करीब ₹1 लाख 80 हजार की नकदी गायब थी।
व्यापारी के अनुसार अज्ञात चोर रात के समय दुकान का शटर और ताले तोड़कर अंदर घुसे तथा नकदी चोरी कर मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने कोतवाली थाना पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर चोरों की तलाश में जुटी हुई है।
कोतवाली थाना पुलिस ने व्यापारी की रिपोर्ट के आधार पर प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


