बुटोली हादसे के बाद बढ़ी सतर्कता, मालाखेड़ा रोड पर जेसीबी से मिट्टी डालकर सुरक्षित किया मार्ग
लक्ष्मणगढ़। कस्बे में मुख्य मालाखेड़ा रोड स्थित पुराने हॉस्पिटल परिसर, वर्तमान खंड उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के पास बने खतरनाक गड्ढे को प्रशासन ने भरवाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। स्थानीय नगर पालिका प्रशासन और लोक निर्माण विभाग ने दुर्घटना की आशंका को देखते हुए संज्ञान लिया और जेसीबी की सहायता से गड्ढे में मिट्टी डालकर उसे भरवाया गया।
बारिश के मौसम में गड्ढे में जलभराव होने के कारण यह राहगीरों को दिखाई नहीं देता था। ऐसे में क्षेत्र से गुजरने वाले लोगों के साथ-साथ कार्यालय एवं शहरी डिस्पेंसरी में आने वाले मरीजों के लिए भी आवागमन के दौरान खतरा बना हुआ था।
हादसे की आशंका के बाद तुरंत शुरू हुई कार्रवाई
बताया गया कि बुटोली गांव में हाल ही में हुई बोरवेल दुर्घटना की घटना के बाद प्रशासन ने खुले एवं खतरनाक गड्ढों को लेकर सतर्कता बढ़ाई है। संभावित हादसों को रोकने के उद्देश्य से पुराने हॉस्पिटल के समीप बने गड्ढे को तत्काल भरवाने की कार्रवाई की गई।
नगर पालिका अधिशासी अधिकारी चेतन बेरवा के अनुसार नगर पालिका क्षेत्र में मौजूद जानलेवा एवं खतरनाक गड्ढों को भरने का कार्य किया जा रहा है। विभाग द्वारा मिट्टी, कचरा एवं अन्य उपयुक्त सामग्री डालकर ऐसे स्थानों को सुरक्षित बनाया जा रहा है, ताकि आमजन का आवागमन सुरक्षित रह सके।
प्रशासन की इस कार्रवाई से स्थानीय लोगों ने राहत महसूस की है। बरसात के दौरान जलभराव से छिप जाने वाले गड्ढों के कारण दुर्घटना की संभावना बनी रहती है। ऐसे में समय रहते गड्ढे को भरवाने से क्षेत्र में संभावित हादसों को रोकने में मदद मिलेगी।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


