चुनाव प्रचार में पार्टी सिंबल बना पहचान का आधार, सोशल मीडिया और परिवार की टोलियां जुटीं मैदान में
लक्ष्मणगढ़। नगर पालिका चुनाव में उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह आवंटित होने के बाद चुनाव प्रचार ने रफ्तार पकड़ ली है। भाजपा और कांग्रेस के पार्टी प्रत्याशियों के साथ ही विभिन्न उम्मीदवार अब अपने-अपने वार्डों में सक्रिय होकर मतदाताओं तक पहुंच रहे हैं। पार्टी प्रत्याशी अपने नाम के साथ पार्टी के चुनाव चिन्ह को प्रमुखता से प्रचारित कर मतदाताओं का ध्यान आकर्षित करने में जुटे हैं।
नगर निकाय चुनाव में भाजपा और कांग्रेस के उम्मीदवारों को सिंबल मिलने के बाद उनके प्रचार अभियान में तेजी देखी जा रही है। प्रत्याशी विकास कार्यों, स्थानीय जनसमस्याओं के समाधान और वार्ड की आवश्यकताओं को प्रमुख मुद्दा बनाकर मतदाताओं से समर्थन मांग रहे हैं।
घर-घर पहुंचकर मतदाताओं से संवाद कर रहे उम्मीदवार
चुनावी प्रचार में उम्मीदवारों के परिवार भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। परिवार के सदस्य अलग-अलग टोलियां बनाकर वार्डों के हर घर तक पहुंचने का प्रयास कर रहे हैं। महिला प्रत्याशी और पुरुष प्रत्याशियों की पत्नियां भी गृहणियों से सीधे संवाद कर समर्थन जुटा रही हैं।
वहीं युवा सदस्य सोशल मीडिया के माध्यम से चुनाव प्रचार को नई गति दे रहे हैं। उम्मीदवारों के समर्थन में पार्टी चुनाव चिन्ह के साथ पोस्ट और रील्स तैयार कर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा किए जा रहे हैं।
निर्दलीय उम्मीदवार भी बना रहे अलग रणनीति
पार्टी से बगावत कर निर्दलीय चुनाव मैदान में उतरे और नए उम्मीदवार भी अपनी अलग रणनीति के तहत मतदाताओं तक पहुंचने में जुटे हैं। जिन उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह मिलने की प्रक्रिया पूरी होने का इंतजार है, वे व्यक्तिगत संपर्क और स्थानीय स्तर पर अपनी पकड़ मजबूत करने का प्रयास कर रहे हैं।
निर्दलीय प्रत्याशी भी आकर्षक सोशल मीडिया पोस्ट और रील्स के जरिए मतदाताओं से वोट की अपील कर रहे हैं। आगामी दिनों में चुनाव प्रचार और तेज होने की संभावना है, जिससे लक्ष्मणगढ़ नगर पालिका चुनाव का मुकाबला और रोचक होने लगा है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

