नीट पेपर पर मिशन सच प्रतिनिधि निलेश कांठेड की त्वरित टिप्पणी के लिए लिंक ओपन करें – https://missionsach.com/नीट-2026-परीक्षा-रद्द-करने-से-प.html
पेपर लीक मामले को दबाने का लगाया आरोप, युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ का दावा
जयपुर। राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने नीट पेपर लीक होने और मामले की जांच सीबीआई को सौंपे जाने के बाद भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि बदनामी के डर से राज्य सरकार ने पूरे मामले को दबाने का प्रयास किया और समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की गई।
टीकाराम जूली ने कहा कि नीट पेपर लीक होना इस बात का सबसे बड़ा प्रमाण है कि परीक्षा प्रक्रिया में गंभीर स्तर पर धांधली हुई है। उन्होंने कहा कि लाखों मेहनती विद्यार्थियों के भविष्य और सपनों के साथ खिलवाड़ किया गया है। जूली ने आरोप लगाया कि अभ्यर्थियों द्वारा शिकायत किए जाने के बावजूद मामले की गंभीरता को नजरअंदाज किया गया और एफआईआर तक दर्ज नहीं की गई।
उन्होंने कहा कि अब जब परीक्षा आयोजित कराने वाली संस्था ने पेपर लीक के कारण परीक्षा रद्द कर दी है, तो यह भाजपा सरकार की गैर-जिम्मेदाराना कार्यशैली को उजागर करता है। जूली ने कहा कि सरकार ने अपनी छवि बचाने के लिए सच्चाई को छिपाने का प्रयास किया, लेकिन अब पूरा मामला सामने आ चुका है।
नेता प्रतिपक्ष ने भाजपा सरकार के पिछले कार्यकाल पर भी निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा के 10 वर्षों के शासन में अब तक 89 पेपर लीक की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं की मेहनत और समय के साथ लगातार खिलवाड़ किया जा रहा है, जबकि सरकार केवल बड़े-बड़े दावे और घोषणाएं करने तक सीमित है।
टीकाराम जूली ने आरोप लगाया कि सरकार की प्राथमिकता युवाओं को न्याय दिलाना नहीं बल्कि अपनी छवि बचाना है। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी विभिन्न भर्ती परीक्षाओं और ओएमआर शीट गड़बड़ी जैसे मामलों में सच्चाई को दबाने का प्रयास किया गया।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक पेपर लीक प्रकरण के असली आरोपियों को सामने लाकर छात्रों को न्याय नहीं दिया जाता, तब तक कांग्रेस पार्टी सड़क से लेकर सदन तक युवाओं की आवाज उठाती रहेगी।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


