More
    Homeराजस्थानजयपुरगिरजन नदी संरक्षण के लिए संकल्प सभा आयोजित, प्राकृतिक धरोहर बचाने का...

    गिरजन नदी संरक्षण के लिए संकल्प सभा आयोजित, प्राकृतिक धरोहर बचाने का लिया प्रण

    गिरजन नदी के तट पर जुटे सैकड़ों लोगों ने जल, जंगल और पहाड़ों के संरक्षण का लिया संकल्प

    नीम का थाना। क्षेत्र के ग्राम दीपावास में 8 जुलाई को गिरजन नदी के तट पर “गिरजन नदी संघर्ष संकल्प सभा” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन क्षेत्र की प्राकृतिक धरोहरों के संरक्षण के लिए समर्पित सामाजिक कार्यकर्ता स्वर्गीय कौशल्या देवी की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर किया गया। सभा में सैकड़ों लोगों ने जल, जंगल, पहाड़, नदी-नालों और पर्यावरण संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया।

    कार्यक्रम में आसपास के गांवों के अलावा कोटपूतली, जयपुर, अलवर, बांसवाड़ा तथा ओडिशा से आए लोगों ने भाग लिया। उपस्थित लोगों ने क्षेत्र की प्राकृतिक संपदा को सुरक्षित रखने के लिए जनसहभागिता बढ़ाने का आह्वान किया।

    सभा में जल संरक्षण के क्षेत्र में कार्यरत राजेंद्र सिंह, गोल्डमैन पुरस्कार से सम्मानित पर्यावरण कार्यकर्ता प्रफुल्ल सामंतरा तथा सेवानिवृत्त प्रोफेसर डॉ. के.एन. जोशी सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किए।

    डॉ. के.एन. जोशी ने कहा कि नदियों, पहाड़ों और प्राकृतिक संसाधनों का वैज्ञानिक सीमांकन संरक्षण की दिशा में सबसे महत्वपूर्ण कदम है। उनका कहना था कि यदि प्राकृतिक संसाधनों का सही सीमांकन सुनिश्चित हो जाए तो संरक्षण की दिशा में आधी सफलता स्वतः प्राप्त हो जाती है।

    ओडिशा से आए प्रफुल्ल सामंतरा ने पूर्वी घाट क्षेत्र में खनन से पर्यावरण पर पड़ रहे प्रभावों का उल्लेख करते हुए कहा कि विकास का मॉडल प्राकृतिक संसाधनों के विनाश पर आधारित नहीं होना चाहिए। उन्होंने लोहिया अकादमी, भुवनेश्वर की ओर से पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में दिए जाने वाले 25 हजार रुपये के प्रथम पुरस्कार के लिए संघर्ष समिति के अग्रणी कैलाश मीणा के नाम की घोषणा भी की।

    जल संरक्षण कार्यकर्ता राजेंद्र सिंह ने अरावली क्षेत्र में जल और पर्यावरण संरक्षण के अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा के लिए जनसंकल्प ही किसी भी आंदोलन की सबसे बड़ी शक्ति होता है।

    सभा को बांसवाड़ा से आईं साधना बहन और कुसुम ने भी संबोधित किया। इस दौरान ग्राम जोधपुर (कोटपूतली) से पहुंचे बड़ी संख्या में महिलाओं और ग्रामीणों ने संघर्ष के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया। जोधपुर संघर्ष समिति के कैलाश यादव और प्रभूलाल वर्मा ने हर परिस्थिति में आंदोलन के साथ रहने का आश्वासन दिया। समिति की ओर से संघर्ष को आगे बढ़ाने के लिए 15 हजार रुपये की आर्थिक सहयोग राशि भी प्रदान की गई।

    कार्यक्रम में पूर्व सरपंच भंवर मीणा और मामराज ने अतिथियों का स्वागत किया। अंत में कैलाश मीणा एवं हंसराज ने सभी अतिथियों और उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here