राजस्थान-हरियाणा पुलिस ने भाजपा का एजेंट बनकर काम किया: नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली
अलवर। पूर्व केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि लोकतंत्र का गला घोंटकर बोर्ड बनाना भाजपा की नीति का हिस्सा बन गया है। उनके मुताबिक जनता ने जिन पार्षदों को चुनकर भेजा है, उनके ऊपर किसी भी तरह का दबाव लोकतांत्रिक जनादेश का अपमान है।
उन्होंने कहा कि चुनाव जनता के वोट से होते हैं और बोर्ड भी लोकतांत्रिक तरीके से ही बनना चाहिए। यदि निर्वाचित पार्षदों को पुलिस, प्रशासन या किसी अन्य माध्यम से प्रभावित करने का प्रयास किया जाता है तो यह लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर सवाल खड़े करता है।
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भी भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। जूली ने आरोप लगाया कि कांग्रेस का मुकाबला केवल भाजपा से नहीं, बल्कि पुलिस और प्रशासन सहित सरकारी तंत्र से कराया जा रहा है। उन्होंने राजस्थान और हरियाणा पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि दोनों राज्यों की पुलिस का इस्तेमाल कांग्रेस समर्थित पार्षदों पर दबाव बनाने के लिए किया जा रहा है।
तिजारा प्रकरण ने बढ़ाया सियासी ताप
तिजारा नगर परिषद के सभापति चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस ने आरोप लगाया कि हिमाचल प्रदेश से लौट रहे कांग्रेस और निर्दलीय पार्षदों को हरियाणा के चंडीमंदिर-सूरजपुर टोल प्लाजा के पास रोककर पिंजौर थाने ले जाया गया। इसके विरोध में कांग्रेस नेताओं और समर्थकों ने थाने के बाहर प्रदर्शन किया।
उन्होंने कहा कि मतदान से ठीक पहले पार्षदों को रोकने की कार्रवाई का असर सभापति चुनाव पर पड़ सकता है।
जूली बोले—जनादेश पर दबाव स्वीकार नहीं
नेट प्रतिपक्ष ने कहा कि कांग्रेस अपने निर्वाचित पार्षदों के साथ खड़ी है और किसी भी तरह के दबाव के सामने झुकने वाली नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता हासिल करने के लिए सरकारी तंत्र का इस्तेमाल लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विपरीत है।
जूली ने कहा कि जनता ने अपने प्रतिनिधि चुने हैं और उन्हें स्वतंत्र रूप से मतदान करने का अधिकार मिलना चाहिए। उनके अनुसार निकाय बोर्डों का गठन पार्षदों की स्वतंत्र इच्छा और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत होना चाहिए।
कांग्रेस ने जनता का जताया आभार
उन्होंने निकाय चुनाव में पार्टी और उसके समर्थित उम्मीदवारों को समर्थन देने वाली जनता का आभार जताया। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और उम्मीदवारों ने तमाम राजनीतिक दबावों के बीच मैदान में संघर्ष किया और जनता ने जहां कांग्रेस को समर्थन दिया, उसके लिए पार्टी जनता की ऋणी है।
जितेंद्र सिंह और टीकाराम जूली ने कार्यकर्ताओं से लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए मजबूती से खड़े रहने का आह्वान किया। दोनों नेताओं ने कहा कि बोर्ड गठन की प्रक्रिया में निर्वाचित पार्षदों की स्वतंत्रता और जनता के जनादेश का सम्मान सर्वोपरि होना चाहिए।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


