जल संरक्षण जन अभियान से बढ़ी जागरूकता, सामूहिक सहभागिता से संवर रहीं जल संरचनाएं
अलवर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में वर्षा जल की बूंद-बूंद का संचयन करने, भूजल स्तर बढ़ाने एवं पारंपरिक जल स्रोतों को पुनर्जीवित करने के उद्देश्य से प्रदेशभर में संचालित ‘वंदे गंगा जल संरक्षण-जन अभियान-2026’ जल संरक्षण की दिशा में जन आंदोलन का रूप ले चुका है। 5 जून तक चलने वाले इस अभियान के तहत अलवर जिले में भी व्यापक स्तर पर गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने बताया कि मुख्यमंत्री के जल संरक्षण विजन को साकार करने के लिए जिले में तालाबों, नहरों और कुओं की साफ-सफाई स्थानीय जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा आमजन की सहभागिता से श्रमदान के माध्यम से की जा रही है। अभियान के तहत पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण और पुनर्जीवन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि जिले में औद्योगिक इकाइयों और नगर निकायों को जोड़कर सीएसआर कार्यशालाओं का आयोजन किया जा रहा है, जिनमें जल संरक्षण के महत्व और संसाधनों के बेहतर प्रबंधन पर चर्चा की जा रही है। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में राजीविका समूहों की महिलाओं द्वारा कलश यात्राएं, जागरूकता रैलियां और जल संरक्षण शपथ कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को वर्षा जल संचयन के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
अभियान के तहत आमजन को जल बचाने, वर्षा जल संग्रहण संरचनाएं विकसित करने और जल संरक्षण को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया जा रहा है। प्रशासन का मानना है कि इन प्रयासों से जिले के भूजल स्तर में सुधार होगा और भविष्य में पेयजल उपलब्धता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रमों की श्रृंखला में देवस्थान विभाग द्वारा जिले के प्रमुख मंदिरों में विशेष आरती का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर जल संरक्षण का संकल्प लिया। इसके साथ ही जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग द्वारा जल संचय संरचनाओं, टंकियों एवं अन्य जल संग्रहण स्थलों की साफ-सफाई का कार्य भी किया गया।
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे जल संरक्षण को केवल सरकारी अभियान न मानकर सामाजिक जिम्मेदारी समझें और वर्षा जल की प्रत्येक बूंद को बचाने के लिए सक्रिय भागीदारी निभाएं।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


