वन राज्यमंत्री संजय शर्मा ने श्री परशुराम सेवा समिति द्वारा आयोजित तृतीय प्रतिभा सम्मान समारोह में प्रतिभाओं को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि बालक-बालिकाएं शिक्षा के माध्यम से समाज व राष्ट्र का गौरव बढ़ाएं।
अलवर , मिशनसच न्यूज ।
थानागाजी में रविवार को एक प्रेरणादायक और समाज को दिशा देने वाले आयोजन का साक्षी बना, जब वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री संजय शर्मा ने श्री परशुराम सेवा समिति द्वारा आयोजित तृतीय प्रतिभा सम्मान समारोह में भाग लिया। समारोह में मंत्री श्री शर्मा ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं और समाजसेवियों को सम्मानित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वन राज्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि — “प्रतिभाएं शिक्षा के माध्यम से अपने परिवार, समाज और राष्ट्र का नाम रोशन करें। शिक्षा ही वह साधन है जिससे व्यक्ति अपने जीवन का लक्ष्य प्राप्त कर सकता है और समाज के विकास में योगदान दे सकता है।”
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की संवेदनशील सोच और राज्य सरकार की विकासोन्मुखी नीतियों के कारण अलवर जिले में अनेक विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।
श्री शर्मा ने घोषणा करते हुए बताया कि —“लगभग 20 करोड़ रुपए की लागत से भर्तृहरि पुलिया का पुनर्निर्माण कार्य तथा कुशलगढ़ मोड़ से थैंक यू बोर्ड तक की क्षतिग्रस्त सड़क का पुनर्निर्माण शीघ्र शुरू किया जाएगा।”
उन्होंने कहा कि इन विकास कार्यों से न केवल आमजन को राहत मिलेगी बल्कि क्षेत्र में आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं को भी सुगम मार्ग सुविधा प्राप्त होगी।
मंत्री शर्मा ने कहा कि प्रतिभा सम्मान जैसे आयोजन समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता और आत्मविश्वास को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपनी शिक्षा और मेहनत के बल पर राष्ट्र निर्माण में योगदान दें और समाज को प्रेरित करें।
कार्यक्रम में श्री घनश्याम गुर्जर, श्री जगदीश बोहरा, श्री तेजपाल शर्मा, श्री राजेश शर्मा, पं. जलेसिंह, श्री हनुमान सहाय जाखड़, श्री ओमप्रकाश शर्मा, श्री रोहिताश घांघल, श्री महेंद्र, श्री अभिषेक मिश्रा, श्री सागर यादव, श्री चौतन्य शर्मा, श्री यश शर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान मंच से वक्ताओं ने भी श्री शर्मा के विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने न केवल प्रशासनिक स्तर पर कार्यों में तेजी लाई है, बल्कि समाज के हर वर्ग के बीच संवाद स्थापित किया है।
कार्यक्रम के अंत में श्री शर्मा ने सभी सम्मानित प्रतिभाओं को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और कहा कि — “युवाओं को शिक्षा, अनुशासन और समर्पण के मार्ग पर चलकर राष्ट्र सेवा का संकल्प लेना चाहिए। यही सच्ची देशभक्ति है।”
समारोह का संचालन समिति सदस्यों ने किया और धन्यवाद ज्ञापन करते हुए आयोजन को समाज में शिक्षा व प्रेरणा का उत्सव बताया।


