More
    Homeराजस्थानअलवरवन राज्यमंत्री संजय शर्मा ने विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को लेकर ली बैठक

    वन राज्यमंत्री संजय शर्मा ने विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को लेकर ली बैठक

    गर्मी में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
    विद्युत उपकरणों की शीघ्र उपलब्धता व भूमि आवंटन को लेकर उच्च अधिकारियों से की बातचीत

    अलवर।
    पर्यावरण एवं वन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री संजय शर्मा ने शुक्रवार को अलवर सर्किट हाउस में जिले की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को लेकर अधिकारियों की बैठक ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक का उद्देश्य गर्मी के मौसम में आमजन को बिना रुकावट बिजली आपूर्ति सुनिश्चित कराना था।

    राज्यमंत्री ने जयपुर डिस्कॉम के अधीक्षण अभियंता को स्पष्ट निर्देश दिए कि जिले में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था पूर्णतः सुचारू और ट्रिपिंग रहित होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अधिकारी खुद फील्ड में रहकर निगरानी करें।

    फॉल्ट और ट्रिपिंग पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश

    श्री शर्मा ने कहा कि यदि कहीं फॉल्ट या ट्रिपिंग की स्थिति उत्पन्न होती है तो उसे शीघ्र दुरुस्त किया जाए। साथ ही यदि विद्युत उपकरण जलते हैं तो उन्हें भी तत्काल बदला जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसामान्य की शिकायतों का त्वरित समाधान किया जाए और किसी भी समस्या पर त्वरित रेस्पॉन्स हो।

    उच्च अधिकारियों से की दूरभाष पर वार्ता

    बैठक के दौरान  संजय शर्मा ने जयपुर डिस्कॉम की सीएमडी सुश्री आरती डोगरा से दूरभाष पर वार्ता कर अलवर जिले के लिए भेजी गई विद्युत सामग्री और उपकरणों की मांग के अनुरूप जल्द से जल्द उपलब्धता सुनिश्चित करने का अनुरोध किया।

    उन्होंने अलवर जिला कलेक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला से भी बात कर वैशाली नगर बेलाका ग्राउंड (132 केवी), राजऋषि महाविद्यालय के पास और अम्बेडकर नगर (33-33 केवी) में प्रस्तावित नए जीएसएस के लिए नगर विकास न्यास से भूमि आवंटन की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए।

    फरियादियों की सुनी समस्याएं

    बैठक के बाद सर्किट हाउस पहुंचे फरियादियों की परिवेदनाएं मंत्री ने स्वयं सुनीं और उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। इसके पश्चात मंत्री श्री शर्मा जयपुर के लिए प्रस्थान कर गए।

    बैठक में जयपुर डिस्कॉम के अधीक्षण अभियंता सुधीर पाण्डेय, अधिशाषी अभियंता  महेश देशवाल, अलवर शहर के समस्त सहायक अभियंता व कनिष्ठ अभियंता उपस्थित रहे।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here