शिकायतें कई, कार्रवाई शून्य: 60 फीट रोड पर गंदगी और कब्जे से जनता परेशान
मिशनसच न्यूज, अलवर | शहर के 60 फीट रोड स्थित राम नगर कॉलोनी में प्रजापति भवन के पास वर्षों से सार्वजनिक पियाऊ और आम रास्ते पर जबरन कब्जा किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पियाऊ की भूमि पर अवैध कब्जा कर वहां जानबूझकर भारी गंदगी फैला रखी गई है, जिससे बस्ती के लोगों को गंभीर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय नागरिकों के अनुसार सरकारी बोरिंग पर भी अवैध कब्जा किया हुआ है, जिससे क्षेत्रवासियों को पेयजल की समस्या झेलनी पड़ रही है। इस पूरे प्रकरण की शिकायत कई बार जिला कलेक्टर की जनसुनवाई, यूआईटी सहित अन्य संबंधित विभागों में की जा चुकी है, लेकिन अब तक न तो कोई ठोस कार्रवाई हुई और न ही समस्या का समाधान निकल पाया है।
वार्ड 57 के लोगों का कहना है कि मामला सभी संबंधित अधिकारियों और प्रशासनिक स्तर पर पूरी तरह संज्ञान में है, इसके बावजूद जिला प्रशासन मूक दर्शक बना हुआ है। नागरिकों में रोष है कि बार-बार शिकायतों के बावजूद प्रशासन की ओर से कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया, जिससे अवैध कब्जाधारियों के हौसले और बढ़ते जा रहे हैं।
स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया कि जिला कलेक्टर की जनसुनवाई में भी इस समस्या को उठाया गया, लेकिन वहां भी कोई निवारण नहीं हुआ। क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि सार्वजनिक पियाऊ और आम रास्ते से तुरंत अतिक्रमण हटाया जाए, सरकारी बोरिंग को कब्जामुक्त कराया जाए और गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

