पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित, सीएमएचओ डॉ. अरविंद गेट रहे मुख्य अतिथि
खैरथल ।पर्यावरण संरक्षण के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से पुरुषार्थ फाउंडेशन और लक्ष्य की ओर ऊंची उड़ान वेलफेयर फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय खैरथल में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. अरविंद गेट मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने पौधारोपण कर अभियान की शुरुआत की और विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि ‘‘पर्यावरण का संतुलन बनाए रखने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाना आज की महती आवश्यकता है। यह कार्य केवल एक दिन का नहीं, बल्कि लगातार चलने वाली जिम्मेदारी है।’’
इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता, विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर विद्यालय परिसर में नीम, अशोक, गुलमोहर, अमलतास आदि प्रकार के पौधे लगाए। छात्रों ने भी पूरे उत्साह के साथ भाग लिया और पर्यावरण को सुरक्षित रखने का संकल्प लिया।
दोनों फाउंडेशनों के पदाधिकारियों ने बताया कि वे समय-समय पर ऐसे कार्यक्रम आयोजित करते रहेंगे ताकि समाज में पर्यावरण संरक्षण की भावना को मजबूती मिल सके। विद्यालय प्रशासन ने इस पहल की सराहना करते हुए आयोजकों और अतिथियों का आभार व्यक्त किया।


