रामपुरा पाटन के विधिक जागरूकता शिविर में दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम और सरकारी सुविधाओं के प्रति किया जागरूक
कठूमर । जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अलवर के तत्वावधान में बुधवार को कठूमर क्षेत्र के रामपुरा पाटन स्थित आदर्श पब्लिक उच्च माध्यमिक विद्यालय में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर के निर्देशानुसार तथा अध्यक्ष अनंत भंडारी एवं सचिव मोहनलाल सोनी के आदेशानुसार संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रधानाचार्य अशोक कुमार सैनी मौजूद रहे। शिविर में पीएलवी दीपक कुमार ने लगभग 80 लाभार्थियों को संबोधित करते हुए दिव्यांगजन अधिकार, सरकारी योजनाओं और न्याय तक पहुंच से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
शिविर में “विशेष योग्यजनों के अधिकार, दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम 2016, विकलांगता प्रमाण पत्र, सरकारी लाभ एवं न्याय तक पहुंच” विषय पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि दिव्यांगता किसी व्यक्ति की कमजोरी नहीं होती, बल्कि समाज से सहयोग और समान अवसर मिलने पर दिव्यांगजन भी देश और समाज की प्रगति में अहम योगदान दे सकते हैं।
कार्यक्रम में दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम 2016 के प्रावधानों, 21 प्रकार की मान्य दिव्यांगताओं, शिक्षा एवं रोजगार में आरक्षण, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं और भेदभाव से संरक्षण के अधिकारों की जानकारी दी गई। साथ ही दिव्यांगजनों के लिए सुगम वातावरण और समान अवसर सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
शिविर में विकलांगता प्रमाण पत्र एवं यूडीआईडी कार्ड के महत्व के बारे में बताते हुए आवश्यक दस्तावेजों और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी गई। इसके अलावा छात्रवृत्ति, पेंशन, कृत्रिम अंग, व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र, स्वरोजगार ऋण तथा रेल और बस यात्रा में मिलने वाली रियायतों के बारे में भी विस्तार से बताया गया।
वक्ताओं ने कहा कि किसी भी प्रकार के अन्याय या अधिकारों के हनन की स्थिति में दिव्यांगजन निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त कर सकते हैं। इसके तहत मुफ्त वकील, कानूनी सलाह और शिकायत दर्ज कराने में सहयोग उपलब्ध कराया जाता है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के टोल फ्री नंबर 15100 एवं चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की जानकारी भी दी गई। साथ ही समाज में दिव्यांगजनों के सम्मान, समान व्यवहार और संवेदनशीलता का संदेश दिया गया।
शिविर में राकेश सैन, रविशंकर चौहान, सुभाष जांगिड़, संजीव सिंह, मनीष योगी, राहुल नरूका, श्रीमती योगेश कुमारी सहित विद्यालय का स्टाफ और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


