आबकारी प्रदेश कार्रवाई के दौरान 1.59 लाख लीटर वॉश नष्ट, 207 गिरफ्तार
जयपुर। आबकारी विभाग, राजस्थान द्वारा अवैध मदिरा निर्माण, भंडारण, परिवहन और विक्रय पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत प्रदेशभर में लगातार नाकाबंदी, गश्त और दबिश की कार्रवाई की जा रही है।
नमित मेहता के निर्देशानुसार 1 से 6 मई 2026 तक चलाए गए अभियान में प्रदेशभर में 742 अभियोग दर्ज किए गए और 207 लोगों को गिरफ्तार किया गया। अभियान के दौरान 1 लाख 59 हजार 96 लीटर वॉश नष्ट किया गया।
आबकारी विभाग के अनुसार कार्रवाई में 3378.28 लीटर देशी शराब, 824.83 लीटर भारत निर्मित विदेशी मदिरा, 1361.55 लीटर बीयर तथा 4388 लीटर हथकड़ शराब जब्त की गई। जब्त की गई शराब की कुल अनुमानित कीमत लाखों रुपए बताई जा रही है।
कार्रवाई के दौरान विभाग ने 2 चारपहिया और 10 दुपहिया वाहनों सहित कुल 12 वाहनों को भी जब्त किया है।
अभियान के तहत विभिन्न जिलों में विशेष कार्रवाई की गई। डूंगरपुर में आबकारी दल ने गश्त के दौरान एक बोलेरो वाहन से 10 कार्टन बीयर जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया। वहीं बीकानेर, हनुमानगढ़, चूरू और श्री गंगानगर क्षेत्रों में दबिश देकर कई अभियोग दर्ज किए गए।
इन कार्रवाइयों में 4100 लीटर उत्तेजित वॉश और 5 अवैध भट्टियां नष्ट की गईं। साथ ही देशी शराब के 195 पव्वे और 92 लीटर हथकड़ शराब भी बरामद की गई।
ब्यावर में आबकारी निरोधक दल ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बिखरनिया का बाड़िया क्षेत्र में अवैध भट्टी पर दबिश दी, जहां से 55 लीटर अवैध शराब बरामद की गई। वहीं मेड़ता सिटी में 300 लीटर वॉश नष्ट कर 5 लीटर अवैध हथकड़ शराब जब्त की गई।
धौलपुर में गश्त के दौरान 6 लीटर अवैध शराब बरामद कर एक फरार आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में अवैध शराब के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


