आग से हुआ लाखों का नुकसान
मिशन सच न्यूज, किशनगढ़बास (खैरथल तिजारा जिला )।
सोमवार देर रात किशनगढ़बास कस्बे में एक भीषण हादसा उस समय हुआ जब ईंटों से भरा एक ट्रक शराब के नशे में धुत चालक के नियंत्रण से बाहर हो गया। ट्रक तोप सर्किल पर टकराता हुआ सरकारी स्कूल की दीवार से जा भिड़ा और दीवार के साथ लगी अस्थाई दुकानों (खोखों) में घुस गया। टक्कर के साथ ही जोरदार धमाका हुआ और देखते ही देखते ट्रक तथा खोखों में आग लग गई।
आग इतनी तेज थी कि आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में करीब 15 अस्थाई दुकानों में रखे रेडिमेड कपड़े और कॉस्मेटिक का करीब 30 लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया। ट्रक चालक रफीक खान व खलासी हारून उर्फ मुन्ना को लोगों और पुलिस ने मशक्कत के बाद सकुशल बाहर निकाला। दोनों को पुलिस ने मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
तेज टक्कर से टूटी स्कूल की दीवार
हादसे की तीव्रता इतनी भीषण थी कि ट्रक के पलटने से सरकारी स्कूल की दीवार तक टूट गई। देर रात करीब 11:30 बजे यह हादसा बस स्टैंड के बाहर तोप सर्किल के पास हुआ।
सूचना मिलते ही थानाधिकारी जितेंद्र सिंह शेखावत पुलिस बल सहित मौके पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। किशनगढ़बास, खैरथल और तिजारा से पहुंची दमकलों ने लगभग चार घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
हरियाणा से ईंटें भरकर ला रहा था ट्रक
पुलिस के अनुसार ट्रक जींद (हरियाणा) के गांव नरवाला से ईंटें भरकर अलवर जिले के रामगढ़ क्षेत्र के निवाली गांव की ओर जा रहा था। चालक रफीक खान पुत्र मोहम्मद खान और परिचालक हारून उर्फ मुनफेद मुन्ना पुत्र दीनू खा, दोनों लाडपुर (रामगढ़) निवासी हैं।
जांच में सामने आया कि चालक ने हरियाणा के कसौला चौक से शराब खरीदी और रास्ते में पीते हुए ट्रक चला रहा था। पुलिस ने बताया कि यह हादसा पूरी तरह शराब के नशे और लापरवाही से गाड़ी चलाने के कारण हुआ।
आग से जिन दुकानों को नुकसान हुआ, उनमें शामिल हैं:
राकेश पुत्र रामसिंह
मिश्री देवी पत्नी हरिश्चंद्र
हरिश्चंद्र पुत्र सीताराम
गोपालदास सिंधी पुत्र लीलाराम
विजय सिंह देव पुत्र रूपचंद
प्रियंका पत्नी फतेह सिंह
गजराज पुत्र खेमचंद
राजेश पुत्र मांगेराम
विमला देवी पत्नी बनवारी
केला देवी पत्नी रमेशचंद
छोटे लाल पुत्र प्रभुदयाल
रीना देवी पत्नी रविंदर
छोटा देवी पत्नी शेरसिंह
कमला देवी पत्नी रमेश
गजराज पुत्र रुपाराम
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया
घटना स्थल पर मौजूद सागर शाह और साहिल खान ने बताया कि
“ट्रक बहुत तेज गति से आ रहा था। सर्किल पर पहुंचकर चालक ने अचानक ब्रेक लगाया, जिससे ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया और दुकानों में जा घुसा। कुछ ही सेकंड में आग लग गई। हमने दौड़कर चालक और खलासी को बाहर निकाला।”
पुलिस कार्रवाई
थानाधिकारी जितेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि
“चालक और परिचालक को शराब के नशे में लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है। ट्रक जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।”
मिशनसच नेटवर्क से जुडने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को फॉलो करें https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1


