पत्नी की मौत के बाद तनाव में रहने की बात सामने आई, बेटी का गीतांजलि अस्पताल में उपचार जारी; सदर थाना पुलिस जुटी जांच में
अलवर। शहर के सदर थाना क्षेत्र स्थित शालीमार में सोमवार को एक बेहद दुखद घटना सामने आई। यहां एक पिता द्वारा अपने दो बच्चों को कथित रूप से विषाक्त पदार्थ देने और इसके बाद खुद भी उसका सेवन करने की घटना में पिता और छह वर्षीय बेटे की मौत हो गई, जबकि करीब साढ़े तीन वर्षीय बेटी की हालत गंभीर बनी हुई है। बच्ची का गीतांजलि अस्पताल में उपचार जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शालीमार निवासी मोहित (35) अपने दोनों बच्चों विवान और कृषा के साथ फ्लैट में था। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे तो तीनों की हालत गंभीर मिली। इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मोहित और उसके छह वर्षीय बेटे विवान को मृत घोषित कर दिया। वहीं साढ़े तीन वर्षीय कृषा का उपचार जारी है।
परिजन को संदेश मिलने के बाद सामने आई घटना
मृतक मोहित के साले राहुल ने बताया कि घटना से पहले उसके पास मोहित का एक संदेश आया था, जिससे वह चिंतित हो गया। इसके बाद राहुल तत्काल शालीमार स्थित फ्लैट पर पहुंचा। वहां मोहित और दोनों बच्चे अचेत अवस्था में मिले। परिजनों ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने मोहित और विवान को मृत घोषित कर दिया।
पत्नी की मौत के बाद तनाव में रहने की बात
परिजनों के अनुसार मोहित की पत्नी का करीब दो वर्ष पहले निधन हो गया था। इसके बाद से वह मानसिक तनाव में रहने की बात सामने आ रही है। हालांकि घटना के पीछे वास्तविक कारण क्या था, इसे लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
पुलिस जांच के बाद सामने आएगा घटनाक्रम
घटना की सूचना मिलने के बाद सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस घटनास्थल से संबंधित तथ्यों और परिजनों से मिली जानकारी के आधार पर पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है। बच्ची की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका उपचार चिकित्सकों की निगरानी में जारी है।
पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों और पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


