भक्तिभाव से पांचवें दिन कथा में शिव-बारात का जीवंत वर्णन, आसपास गांवों से उमड़ा जनसैलाब
कठूमर। पंचायत समिति क्षेत्र के खोह गांव में आयोजित शिव महापुराण कथा के पांचवें दिन श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। कथा वाचक पंडित महेश शास्त्री ने भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह का भावपूर्ण प्रसंग सुनाया, जिसे सुनकर उपस्थित श्रद्धालु भावविभोर हो उठे और भक्ति रस में झूमते नजर आए।
कथा के दौरान शिव-पार्वती विवाह और भोले बाबा की बारात का सजीव चित्रण किया गया। गाजे-बाजे के साथ बारात के आगमन का वर्णन इतना सजीव रहा कि पंडाल में मौजूद भक्तजन नाचते-गाते दिखाई दिए। वातावरण ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयकारों से गुंजायमान हो गया।
खोह के भाजपा मंडल अध्यक्ष बिक्रम शर्मा एवं अन्य श्रद्धालुओं ने बताया कि कथा में नाहरखोहरा, नापापाड़ा, खोह सारंगपुरी सहित आसपास के एक दर्जन गांवों से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। ग्रामीणों ने भजन-कीर्तन और नृत्य के माध्यम से अपनी आस्था प्रकट की।
कार्यक्रम में गायक कलाकार रामेंद्र राजस्थानी, मोहन सिंह चौहान, बबली सिंह, कजोडी साहू, गुड्डू जैन, नंदराम सैनी, विक्रम सिंह, विश्राम सैनी, विजय सिंह, जग्गा बाबा, गुड्डी सैनी, बाबा छगन दास महाराज, श्रीराम सैनी सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।
आयोजकों के अनुसार कथा का उद्देश्य गांवों में धार्मिक जागरूकता और सामाजिक एकता को बढ़ावा देना है। आगामी दिनों में भी कथा और भजन संध्या का आयोजन जारी रहेगा।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


