More
    Homeराजस्थानअलवरश्री गुरूनानक वाटिका का लोकार्पण

    श्री गुरूनानक वाटिका का लोकार्पण

    “आमजन के बेहतर स्वास्थ्य की दृष्टि से वाटिका होगी अत्यंत उपयोगी” : यादव

    मिशनसच न्यूज,   अलवर। केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री  भूपेन्द्र यादव तथा वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार)  संजय शर्मा ने शनिवार को मुंगस्का में ग्रीन लंग्स मुंगस्का परियोजना के अंतर्गत विकसित  गुरूनानक वाटिका का लोकार्पण किया। यह वाटिका पर्यावरण संरक्षण, हरित आच्छादन वृद्धि और स्वास्थ्य संवर्धन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।

    “गुरूनानक देव की वाणी लिखी जाए, ताकि लोग प्रेरणा ले सकें” — श्री यादव

    लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री  भूपेन्द्र यादव ने कहा कि श्री गुरूनानक देव को समर्पित यह वाटिका आमजन के स्वास्थ्य और मानसिक शांति के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी। उन्होंने सुझाव दिया कि वाटिका में गुरूनानक देव की वाणी अंकित की जाए, जिससे यहां आने वाले लोग उनके सत्य वचनों का मनन कर अपने जीवन में उत्थानकारी विचारों को आत्मसात कर सकें।

    उन्होंने कहा कि स्वच्छ अलवर एवं अतुल्य अलवर अभियान के माध्यम से शहर को स्वच्छ, हरित और आकर्षक बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही उन्होंने लोगों से पेड़ लगाने और उनकी देखभाल करने की नैतिक जिम्मेदारी निभाने का आग्रह किया, क्योंकि कार्बन उत्सर्जन कम करने तथा ग्रीन स्पेस बढ़ाने का यह सर्वोत्तम उपाय है।

    “गुरूनानक वाटिका, अलवर के लिए उत्कृष्ट सौगात” —  संजय शर्मा

    वन राज्य मंत्री संजय शर्मा ने श्री गुरूनानक देव को नमन करते हुए कहा कि गुरु ने विश्व को सर्वधर्म समभाव का संदेश दिया है और गुरुग्रंथ साहिब सभी को समान मानने का उपदेश देता है।

    उन्होंने कहा कि यह वाटिका अलवर शहर के लिए एक अनमोल सौगात है, जो यहां आने वाले लोगों को शुद्ध वातावरण और मानसिक शांति प्रदान करेगी।
    उन्होंने बताया कि गृहस्थ और शहरी दोनों स्तरों पर ग्रीन लंग्स मुंगस्का परियोजना सतत शहरी नियोजन की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।

    केम्पा फण्ड से 2 करोड़ रुपये में बनेगी अरावली ईको नर्सरी
    एनकेप के 20 लाख रुपये से वाटिका में ओपन जिम एवं अन्य कार्य

    उप वन संरक्षक राजेन्द्र हुड्डा ने बताया कि ग्रीन लंग्स गुरूनानक वाटिका में लगभग 5,000 पौधे लगाए गए हैं, जिनमें नीम, बबूल, शीशम, अर्जुन, बड़, पीपल, गुलर, चुरैल, सीरस, अमरूद और अन्य फलदार, छायादार एवं औषधीय प्रजातियाँ शामिल हैं।

    साथ ही पक्षियों, परागणकर्ताओं और स्थानीय वन्यजीवों के अनुकूल जैव विविधता संवर्धन का वातावरण विकसित किया गया है।

    उन्होंने बताया कि केंद्रीय वन मंत्री श्री भूपेन्द्र यादव द्वारा केम्पा मद से 2 करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध कराई गई है, जिससे यहां अरावली ईको नर्सरी विकसित की जाएगी।
    इसके अतिरिक्त, एनकेप की 20 लाख रुपये की राशि से बाउंड्री वॉल, ओपन एयर जिम, झोंपड़े आदि तैयार किए जाएंगे।

    वाटिका की प्रमुख विशेषताएँ

    • वर्षा जल संचयन हेतु वाटर पोंड

    • भूजल स्तर सुधार

    • सोलर पम्प

    • वॉकिंग ट्रैक

    • हरित क्षेत्र

    • कलाकृतियां एवं व्यू प्वाइंट

    • पक्की दीवार व सौंदर्यकरण

    कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और आमजन की बड़ी उपस्थिति

    इस अवसर पर जिला प्रमुख श्री बलबीर सिंह छिल्लर, जिला अध्यक्ष श्री अशोक गुप्ता, जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला, पुलिस अधीक्षक श्री सुधीर चौधरी, उप वन संरक्षक श्री राजेन्द्र हुड्डा, पूर्व महापौर श्री घनश्याम गुर्जर, तथा अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता व बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here