अलवर में प्रेस वार्ता, समिति संचालन पर समाज के लोगों ने जताई नाराजगी
अलवर। प्रतिष्ठित पुरुषार्थी समिति में कथित अनियमितताओं, नियमों के उल्लंघन और मनमाने संचालन को लेकर समाज के प्रबुद्ध नागरिकों ने प्रेस वार्ता आयोजित कर गंभीर आरोप लगाए। समाज के प्रतिनिधियों ने समिति में पारदर्शिता और निष्पक्ष चुनाव कराने की मांग उठाई।
प्रेस वार्ता के दौरान डॉ. अमित छाबड़ा सहित समाज के कई लोगों ने बताया कि समिति के संविधान के अनुसार हर दो वर्ष में चुनाव होना अनिवार्य है, लेकिन वर्तमान अध्यक्ष पिछले साढ़े तीन वर्षों से पद पर बने हुए हैं और अब तक चुनाव नहीं कराए गए हैं।
प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि पिछले साढ़े तीन वर्षों में एक भी आम सभा आयोजित नहीं की गई, जिसके कारण समिति के आय-व्यय का विवरण समाज के सामने नहीं रखा गया। उन्होंने कहा कि सदस्यता शुल्क के रूप में प्रति व्यक्ति 105 रुपये लिए जा रहे हैं, लेकिन इसकी रसीद तक नहीं दी जा रही है।
समाज के लोगों ने आशंका जताई कि अब तक करीब 20 हजार आवेदन पत्रों के माध्यम से लाखों रुपये एकत्रित किए जा चुके हैं, लेकिन यह राशि बैंक खाते में जमा नहीं कराई गई है। इसे लेकर समाज में लगातार नाराजगी बढ़ रही है।
प्रेस वार्ता में जिला प्रशासन से मांग की गई कि समिति के निष्पक्ष चुनाव शीघ्र कराए जाएं, वित्तीय लेखा परीक्षण सार्वजनिक किया जाए और चुनाव प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाया जाए, ताकि संस्था का संचालन लोकतांत्रिक तरीके से हो सके।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


