सड़क की बदहाली पर उठे सवाल, बस हादसे के बाद सरकार को घेरा
अलवर। नेता प्रतिपक्ष एवं अलवर ग्रामीण विधायक टीकाराम जूली ने अलवर-जयपुर मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को आमजन के जीवन की कोई परवाह नहीं है और भारतीय जनता पार्टी जनता की समस्याओं से पूरी तरह बेखबर बनी हुई है।

जूली ने कहा कि अलवर-जयपुर सड़क मार्ग वाया भर्तृहरि और थानागाजी लंबे समय से जर्जर स्थिति में है और अब यह मार्ग लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क के दुरुस्तीकरण को लेकर कई बार सरकार और प्रशासन को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
उन्होंने शनिवार को नटनी का बारा क्षेत्र के समीप हुई राजस्थान रोडवेज बस दुर्घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार की अनदेखी का खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है। जूली ने दुर्घटना में घायल हुए यात्रियों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
नटनी का बारा के पास पलटी रोडवेज बस
अलवर-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग 248-ए पर नटनी का बारा के समीप शनिवार शाम राजस्थान रोडवेज के मत्स्य नगर डिपो की एक बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई और पलट गई। हादसे में करीब 8 से 10 यात्री घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अकबरपुर अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल छह यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद अलवर रेफर किया गया।
जानकारी के अनुसार, अलवर से शाम 3:45 बजे जयपुर के लिए रवाना हुई बस धर्मपुरा गांव के समीप अचानक नियंत्रण खो बैठी और सड़क से नीचे उतरकर पलट गई। बस में उस समय लगभग 50 यात्री सवार थे।
हादसे में चालक रामू योगी सहित राकेश, मुकेश मीणा, संतोष पांडे, बद्री प्रसाद और सावित्री देवी गंभीर रूप से घायल हुए। अन्य घायलों का उपचार अकबरपुर अस्पताल में जारी है।
ग्रामीणों और पुलिस ने संभाला मोर्चा
दुर्घटना की सूचना मिलते ही अकबरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रूपारेल नदी क्षेत्र में कार्यरत लोगों ने बस पलटने की सूचना तुरंत पुलिस और एंबुलेंस सेवा को दी। स्थानीय ग्रामीणों ने भी बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
यात्रियों ने बताया कि बस सामान्य गति से चल रही थी, तभी अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क से नीचे उतरकर पलट गई। हादसे में कई यात्रियों के सिर, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं।
पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


