टेरिटोरियल फाइट से हुई बाघ की मौत, सरिस्का प्रशासन ने की पुष्टि
मिशनसच न्यूज, अलवर। सरिस्का टाइगर रिजर्व के अकबरपुर रेंज स्थित नाका पृथ्वीपुरा बीट डावली क्षेत्र में एक बाघ की मौत का मामला सामने आया है। सोमवार को बाघ परियोजना सरिस्का क्षेत्र में बाघ ST-28 मृत अवस्था में पाया गया। प्रारंभिक जांच में उसकी मौत का कारण टेरिटोरियल फाइट बताया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही वन संरक्षक, क्षेत्र निदेशक, उप वन संरक्षक, पशु चिकित्सकों की टीम एवं फील्ड स्टाफ मौके पर पहुंचा। बाघ के शव को सुरक्षित कब्जे में लेकर तीन पशु चिकित्सकों की टीम द्वारा पोस्टमार्टम किया गया। जांच के दौरान बाघ के सभी अंग सुरक्षित पाए गए तथा किसी भी प्रकार के संदिग्ध साक्ष्य या अवैध गतिविधि के संकेत नहीं मिले।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि बाघ ST-28 का अंतिम संस्कार नेशनल टाइगर कंजर्वेशन अथॉरिटी (NTCA) द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं प्रोटोकॉल के अनुसार किया गया। इस दौरान राजस्व विभाग, पुलिस प्रशासन एवं स्थानीय ग्रामीणों की मौजूदगी रही।
वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह पूरी तरह प्राकृतिक कारणों से हुई मौत है। विभाग द्वारा नियमानुसार सभी आवश्यक जांच की गई है। सरिस्का टाइगर रिजर्व में बाघों की सुरक्षा एवं निगरानी लगातार की जा रही है, ताकि वन्यजीव संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


