आरपीएससी ने कॉलेज शिक्षा विभाग परीक्षा की उत्तरकुंजी वेबसाइट पर अपलोड की
मिशनसच न्यूज, जयपुर। राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी) द्वारा सहायक आचार्य (कॉलेज शिक्षा विभाग) परीक्षा-2025 के अंतर्गत मैथमेटिक्स, पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन, पर्शियन, गारमेंट प्रोडक्शन एंड एक्सपोर्ट मैनेजमेंट, डांस (कथक) एवं साइकोलॉजी विषयों की मॉडल उत्तरकुंजिया आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दी गई हैं। इस संबंध में विस्तृत सूचना आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है।
आयोग के मुख्य परीक्षा नियंत्रक आशुतोष गुप्ता ने बताया कि उक्त विषयों की परीक्षा का आयोजन 16 से 20 दिसंबर 2025 तक किया गया था। जिन अभ्यर्थियों को जारी मॉडल उत्तरकुंजियों पर किसी प्रकार की आपत्ति है, वे निर्धारित शुल्क के साथ 31 जनवरी से 2 फरवरी 2026 को रात्रि 12:00 बजे तक ऑनलाइन आपत्ति दर्ज कर सकते हैं।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि आपत्तियां केवल आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध मॉडल प्रश्न पत्र के प्रश्न क्रमांक अनुसार ही दर्ज की जाएंगी। अभ्यर्थियों को अपनी आपत्तियां प्रामाणिक एवं मान्य (स्टैंडर्ड, ऑथेंटिक) पुस्तकों के प्रमाण सहित ऑनलाइन प्रस्तुत करनी होंगी। प्रमाण संलग्न नहीं होने की स्थिति में आपत्तियों पर विचार नहीं किया जाएगा।
आयोग के अनुसार, परीक्षा में सम्मिलित अभ्यर्थियों के अतिरिक्त यदि कोई अन्य व्यक्ति आपत्ति दर्ज करता है तो उस पर कोई विचार नहीं किया जाएगा। प्रत्येक प्रश्न के लिए आपत्ति शुल्क ₹100 (सेवा शुल्क अतिरिक्त) निर्धारित किया गया है, जो वापस नहीं किया जाएगा।
अभ्यर्थी एसएसओ पोर्टल पर लॉगिन कर रिक्रूटमेंट पोर्टल का चयन करते हुए संबंधित परीक्षा के लिंक (Question Objection) पर क्लिक कर आपत्ति दर्ज कर सकते हैं। शुल्क का भुगतान ई-मित्र कियोस्क अथवा ऑनलाइन पेमेंट गेटवे के माध्यम से किया जा सकेगा। शुल्क के अभाव में आपत्तियां स्वीकार नहीं होंगी।
ऑनलाइन आपत्ति दर्ज करने में किसी प्रकार की तकनीकी समस्या होने पर अभ्यर्थी recruitmenthelpdesk@rajasthan.gov.in पर ई-मेल अथवा फोन नंबर 9352323625 व 7340557555 पर संपर्क कर सकते हैं। आयोग द्वारा आपत्तियां केवल एक बार ही स्वीकार की जाएंगी।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

