समझाइश के बाद स्वच्छता तोड़ने वालों पर भारी चालान की चेतावनी
मिशनसच न्यूज, अलवर। शहर को स्वच्छता के पायदान पर शीर्ष पर लाने के लिए नगर निगम अलवर ने अब ‘समझाइश और सख्ती’ की नीति अपनाई है। इसी क्रम में शनिवार को नगर निगम आयुक्त सोहन सिंह नरूका ने जुबली बास सहित शहर के विभिन्न इलाकों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सड़कों पर कचरा फेंकने वालों को न केवल टोका गया, बल्कि उन्हें स्वच्छता के प्रति उनकी जिम्मेदारी का भी अहसास कराया गया।
नगर निगम आयुक्त ने स्पष्ट किया कि अब केवल अपीलों से काम नहीं चलेगा। शहर की सफाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए निगम ने ठोस योजना तैयार की है। इसके तहत निगम का स्वच्छता प्रहरी दस्ता गलियों और मुख्य सड़कों पर लगातार गश्त करेगा। वहीं शहर के प्रमुख स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से कचरा फैलाने वालों की पहचान की जाएगी।
आयुक्त सोहन सिंह नरूका ने कहा कि बार-बार समझाने के बावजूद नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ ऑन-द-स्पॉट चालान काटे जाएंगे। उन्होंने सख्त लहजे में चेतावनी दी कि स्वच्छता नियम तोड़ने वालों पर अब किसी भी प्रकार की रियायत नहीं दी जाएगी।
नगर निगम आयुक्त ने कहा कि स्वच्छ अलवर बनाना केवल सफाई कर्मचारियों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने बताया कि जो लोग लगातार चेतावनी के बाद भी कचरा फेंकते पाए जाएंगे, उनकी फोटो व वीडियो रिकॉर्डिंग शहर के प्रमुख चौराहों पर लगी डिजिटल स्क्रीन पर सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित की जाएगी।
नगर निगम प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे गीला एवं सूखा कचरा अलग-अलग रखें और कचरा केवल निगम के कचरा संग्रहण वाहनों में ही डालें। स्वच्छ और सुंदर अलवर के लिए नागरिकों का सहयोग अनिवार्य बताया गया है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


