जयपुर। सुरेश ज्ञान विहार विश्वविद्यालय में वर्ष 2026 के अंतर्गत आयोजित शेफ प्रतियोगिता के तहत बहुप्रतीक्षित “बिरयानी प्रतियोगिता 2026” बड़े उत्साह, गरिमा एवं भव्यता के साथ संपन्न हुई। कार्यक्रम का उद्घाटन विश्वविद्यालय के प्रेसिडेंट एवं वाइस चांसलर डॉ. अरुणांशु हल्दार के निर्देशन में किया गया। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों की पाक-कला प्रतिभा को मंच प्रदान करना तथा उन्हें क्यूलिनरी क्षेत्र में प्रोत्साहित करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ अंतरराष्ट्रीय शेफ समीर गुप्ता, Radisson Blu Jaipur के महाप्रबंधक नितिन कपूर, शेफ गुलशन तथा Jaipur Marriott Hotel के शेफ नितिन द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
प्रतियोगिता में विभिन्न छात्र टीमों ने भाग लेकर अपनी विशेष बिरयानी प्रस्तुत की। व्यंजनों का मूल्यांकन पंचसितारा होटल उद्योग से जुड़े विशेषज्ञ निर्णायकों द्वारा किया गया। मुख्य निर्णायक के रूप में डॉ. शेफ बाला एवं शेफ देवेंद्र उपस्थित रहे। उन्होंने स्वाद, सुगंध, प्रस्तुति, तकनीक एवं पारंपरिकता के आधार पर प्रतिभागियों का सूक्ष्म परीक्षण किया।
कड़े मुकाबले के पश्चात ज्ञान विहार विश्वविद्यालय की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त कर विजेता ट्रॉफी अपने नाम की। विजेता टीम की प्रस्तुति, मसालों के संतुलन और पारंपरिक स्वाद को निर्णायकों ने विशेष रूप से सराहा।
इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. संदीप सक्सेना ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता एवं व्यावसायिक कौशल का विकास करती हैं। वहीं शेफ कुलदीप सिंह ने बताया कि विश्वविद्यालय में प्रतिवर्ष ऐसे क्यूलिनरी आयोजन किए जाते हैं, जिससे विद्यार्थियों को उद्योग जगत से जुड़ने और अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलता है।
कार्यक्रम के सफल आयोजन पर विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी प्रतिभागियों, अतिथियों, निर्णायकों, प्रायोजकों एवं आयोजन समिति को बधाई दी। यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए अत्यंत प्रेरणादायक एवं ज्ञानवर्धक सिद्ध हुआ।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क https://www.missionsach.com/category/india


