सैनी समाज का बसेठ में पक्षियों की प्यास बुझाने को परिंडे अभियान, संरक्षण का दिया संदेश
कठूमर। भीषण गर्मी और जल स्रोतों की कमी के बीच सैनी समाज युवा टीम बसेठ ने पक्षियों के लिए सराहनीय पहल करते हुए विभिन्न मोहल्लों में 31 परिंडे लगाकर जल सेवा अभियान शुरू किया है। इस पहल का उद्देश्य गर्मी के मौसम में प्यास से जूझ रहे पक्षियों को राहत पहुंचाना और लोगों को जीव संरक्षण के प्रति जागरूक करना है।
युवा टीम के सदस्यों ने बताया कि लगातार बढ़ते तापमान और पानी की कमी के कारण पक्षियों के सामने जीवन संकट उत्पन्न हो जाता है। इसी को ध्यान में रखते हुए टीम द्वारा गांव के विभिन्न स्थानों पर मिट्टी के पात्र रखवाए गए हैं, जिनमें नियमित रूप से पानी भरा जा रहा है।
विशेष बात यह है कि युवा केवल परिंडे लगाने तक ही सीमित नहीं रहे, बल्कि उनमें प्रतिदिन स्वच्छ पानी भरने की जिम्मेदारी भी स्वयं निभा रहे हैं। इससे पक्षियों को लगातार पानी उपलब्ध हो सकेगा और उन्हें भीषण गर्मी में राहत मिलेगी।
टीम के सदस्यों ने आमजन से भी अपील की है कि वे अपने घरों, दुकानों और संस्थानों के बाहर पक्षियों के लिए पानी के पात्र अवश्य रखें। छोटे-छोटे प्रयासों से हजारों बेजुबान पक्षियों का जीवन बचाया जा सकता है।
इस पुनीत एवं प्रेरणादायी कार्य में समाजसेवी राजेन्द्र सैनी, रमेश सैनी, अभिषेक सैनी, लक्ष्मण सैनी, रामचन्द सैनी, अकिंत सैनी, अरुण सैनी, धोडी सैनी, नितेश सैनी, मोनू सैनी, हरिओम सैनी, रवि सैनी, कड़ा सैनी तथा दर्शन सैनी सहित अनेक युवा सक्रिय रूप से शामिल रहे।
ग्रामीणों एवं स्थानीय नागरिकों ने सैनी समाज युवा टीम के इस पर्यावरण संरक्षण एवं जीव सेवा के कार्य की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक पहल बताया है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


