More
    Homeराजस्थानअलवरस्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र में मिले खून के निशान, हिंसक घटना की...

    स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र में मिले खून के निशान, हिंसक घटना की आशंका से मचा हड़कंप

    रूपवास स्कूल परिसर में खून के निशान मिलने से हिंसक घटना की आशंका, पुलिस जांच में जुटी

    अलवर। शहर के अरावली विहार थाना क्षेत्र स्थित रूपवास स्कूल एवं आंगनबाड़ी केंद्र परिसर में मंगलवार सुबह खून के निशान मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। स्कूल और आंगनबाड़ी परिसर की दीवारों, फर्श तथा आसपास के हिस्सों में खून फैला हुआ दिखाई दिया। मौके पर जूतों और चप्पलों के खून से सने निशान भी मिले हैं, जिससे किसी गंभीर घटना की आशंका जताई जा रही है।

    जानकारी के अनुसार सुबह जब आंगनबाड़ी कार्यकर्ता केंद्र पहुंचीं तो परिसर में जगह-जगह खून के धब्बे देखकर हैरान रह गईं। कुछ ही देर में आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर एकत्रित हो गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि स्कूल के पीछे जंगलनुमा क्षेत्र होने के कारण रात के समय किसी विवाद, मारपीट अथवा अन्य हिंसक घटना की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।

    आंगनबाड़ी कार्यकर्ता लतेश शर्मा ने बताया कि परिसर में चारों तरफ खून के निशान दिखाई दिए, जो उस समय तक पूरी तरह सूखे भी नहीं थे। दीवारों और जमीन पर बने निशानों को देखकर ऐसा प्रतीत हो रहा था कि वहां किसी प्रकार का संघर्ष हुआ हो। सूचना मिलने के बाद लाभार्थी एवं अन्य कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए।

    स्थानीय लोगों के अनुसार स्कूल परिसर में स्थित एक बड़े पेड़ के नीचे पिछले कुछ दिनों से एक महिला अपने पति और तीन बच्चों के साथ रह रही थी। घटना के बाद से वह परिवार भी वहां दिखाई नहीं दिया, जिससे लोगों के बीच विभिन्न प्रकार की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि पुलिस ने इस संबंध में अभी कोई निष्कर्ष निकालने से इनकार किया है और जांच जारी होने की बात कही है।

    घटना की सूचना मिलते ही स्कूल प्रशासन ने अरावली विहार थाना पुलिस को अवगत कराया। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने खून के निशानों सहित अन्य संभावित साक्ष्यों के आधार पर जांच प्रारंभ कर दी है।

    एडिशनल एसपी डॉ. दीपक ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम को जांच के लिए भेजा गया है। खून किसका है तथा वह किन परिस्थितियों में वहां पहुंचा, इसकी गहन जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here