निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने हेतु 30 हजार कंट्रोल यूनिट व 60 हजार बैलेट यूनिट उपलब्ध कराएगा मध्य प्रदेश निर्वाचन आयोग
मिशनसच न्यूज, जयपुर। राज्य में आगामी स्थानीय निकाय चुनावों के सुचारु, निष्पक्ष एवं पारदर्शी संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से राजस्थान राज्य निर्वाचन आयोग एवं मध्य प्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग के मध्य मंगलवार को सचिवालय स्थित राज्य निर्वाचन आयोग कार्यालय में अतिरिक्त समझौता ज्ञापन (एडिशनल एम.ओ.यू.) पर हस्ताक्षर किए गए। यह समझौता ईवीएम उपलब्धता एवं उपयोग से संबंधित पूर्व में किए गए एम.ओ.यू. का विस्तार है।
राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि इस एडिशनल एम.ओ.यू. के तहत मध्य प्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा राजस्थान को स्थानीय निकाय चुनावों के लिए कुल 30 हजार कंट्रोल यूनिट एवं 60 हजार बैलेट यूनिट किराये पर उपलब्ध कराई जाएंगी। इन ईवीएम मशीनों का उपयोग प्रदेश में नगर निकाय एवं पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों में किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि ईवीएम की आपूर्ति, उपयोग, रख-रखाव, सुरक्षा एवं वापसी से संबंधित सभी शर्तें भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप तय की गई हैं, ताकि चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और विश्वसनीय बनी रहे। राजस्थान राज्य निर्वाचन आयोग ने मध्य प्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा दिए गए सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह आपसी समन्वय संघीय ढांचे की भावना को मजबूत करने के साथ-साथ निर्वाचन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाएगा।
चुनाव प्रक्रिया के दौरान ईवीएम की सुरक्षा, परिवहन, भंडारण एवं संचालन की जिम्मेदारी निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत सुनिश्चित की जाएगी। ईवीएम के तकनीकी परीक्षण (एफएलसी), मरम्मत एवं अन्य तकनीकी सहयोग का कार्य भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (ईसीआईएल), हैदराबाद के अधिकृत इंजीनियरों द्वारा किया जाएगा।
समझौते में यह भी प्रावधान किया गया है कि ईवीएम के परिवहन, लोडिंग-अनलोडिंग, सुरक्षा व्यवस्था तथा तकनीकी स्टाफ की यात्रा से संबंधित व्यय निर्धारित नियमों के अनुसार वहन किए जाएंगे। चुनाव सम्पन्न होने के बाद ईवीएम की वापसी, परीक्षण एवं क्षति की स्थिति में प्रतिपूर्ति की प्रक्रिया भी स्पष्ट रूप से तय की गई है।
बैठक में मध्य प्रदेश राज्य निर्वाचन आयुक्त मनोज कुमार श्रीवास्तव, राजस्थान राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव राजेश वर्मा, मध्य प्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव दीपक सिंह सहित अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


