जिला कलक्ट्रेट में हुई स्वच्छता कार्यशाला, निकायों को दिए सख्त निर्देश
अलवर। स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के तहत जिला कलक्ट्रेट सभागार में सोमवार को जिले के समस्त नगरीय निकायों की कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला को स्वच्छ भारत मिशन के ब्रांड एंबेसेडर के.के. गुप्ता ने संबोधित करते हुए स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सभी नगरीय निकाय समन्वय और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते हुए शहरों को स्वच्छ, सुंदर और हरित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति का उल्लेख करते हुए कहा कि स्वच्छता कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने स्वच्छता के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि जहां स्वच्छता स्थापित होती है, वहां बड़े बदलाव स्वतः दिखाई देते हैं। उन्होंने डूंगरपुर मॉडल का उदाहरण देते हुए बताया कि स्वच्छता से किसी भी क्षेत्र की तस्वीर बदली जा सकती है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा जयपुर के अल्बर्ट म्यूजियम से स्वच्छ भारत अभियान को प्रदेशभर में प्रभावी रूप से लागू करने का संदेश दिया गया है, जिसे साकार करने के लिए सभी विभागों और आमजन की भागीदारी आवश्यक है।
कार्यशाला में स्वच्छता को प्रभावित करने वाले प्रमुख बिंदुओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। इनमें घर-घर कचरा संग्रहण, नाइट स्वीपिंग, सार्वजनिक शौचालयों की नियमित सफाई, प्लास्टिक थैली पर प्रतिबंध और खाली प्लॉट्स की सफाई शामिल हैं।
उन्होंने निर्देश दिए कि शहर में शत-प्रतिशत स्ट्रीट लाइट व्यवस्था सुनिश्चित हो, बाग-बगीचों की नियमित देखभाल हो तथा निर्माण सामग्री सड़कों और नालियों को बाधित न करे। बिना लाइसेंस के मांस की दुकानों पर कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए गए।
भू-उपयोग परिवर्तन (90 ए) से संबंधित मामलों में भी स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा गया कि आवश्यक मूलभूत सुविधाएं पूरी होने के बाद ही स्वीकृति जारी की जाए।
कार्यक्रम के दौरान नगर निगम आयुक्त सोहन सिंह नरूका, प्रशिक्षु आईएएस एश्वर्यम प्रजापति सहित विभिन्न निकायों के अधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने ब्रांड एंबेसेडर के.के. गुप्ता से मुलाकात कर उनका स्वागत किया और कहा कि उनके मार्गदर्शन में अलवर को स्वच्छ शहर बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


