अलवर के प्रमुख स्थानों पर नालों की सफाई, पिंक टॉयलेट निर्माण और प्लास्टिक जप्ती के निर्देश
अलवर। जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने रविवार प्रातः नगर निगम की टीम के साथ अलवर शहर का सघन दौरा कर साफ-सफाई व्यवस्था, बड़े नालों व नालियों की सफाई, निर्माणाधीन शौचालयों की प्रगति एवं विभिन्न प्रमुख स्थानों की स्वच्छता का निरीक्षण किया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
शहर के प्रमुख स्थानों का किया निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने नयाबास चौराहा, कबीर कॉलोनी, चितावन गली के पास नालों एवं नालियों, तांगा स्टैंड, मीट मार्केट के पिंक टॉयलेट, एसएमडी सर्किल, ज्योति राव फूले सर्किल, बस स्टेण्ड, कंट्रोल रूम, होप सर्कस, भगत सिंह सर्किल, बिजली घर तथा जेल सर्किल सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों में साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया।
उन्होंने नगर निगम आयुक्त को निर्देश दिए कि शहर की सड़कों को निराश्रित पशुओं के विचरण से मुक्त कराया जाए तथा बड़े नालों की नियमित और व्यवस्थित सफाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही प्रभावी मॉनिटरिंग की व्यवस्था की जाए।
रात्रि सफाई और चालान कार्रवाई के निर्देश
जिला कलक्टर ने कहा कि व्यावसायिक प्रतिष्ठानों वाले क्षेत्रों में रात्रि के समय विशेष रूप से सफाई कराई जाए। उन्होंने साफ-सफाई व्यवस्था में सहयोग नहीं करने वाले प्रतिष्ठानों एवं नागरिकों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही प्लास्टिक के उपयोग पर नियंत्रण के लिए सख्त कार्रवाई करते हुए जप्ती अभियान चलाने के निर्देश भी प्रदान किए।
पिंक टॉयलेट निर्माण शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश
तांगा स्टैंड एवं मीट मार्केट क्षेत्र में निर्माणाधीन पिंक टॉयलेट का निरीक्षण करते हुए जिला कलक्टर ने महिलाओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए निर्माणाधीन पांचों शौचालयों का कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने नगर निगम आयुक्त को निर्देशित किया कि निरीक्षण के दौरान बताई गई कमियों को तत्काल दूर किया जाए तथा नियमित मॉनिटरिंग के लिए टीम गठित कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि अलवर शहर को और अधिक स्वच्छ, सुंदर एवं नागरिक-अनुकूल बनाया जा सके।
निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रथम व शहर) श्रीमती बीना महावर, नगर निगम आयुक्त सोहन सिंह नरूका सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


