More
    Homeधर्म-समाजहनुमान जन्मोत्सव पर किशनगढ़ बास में निकली भव्य झांकी, मंदिर सजा रोशनी...

    हनुमान जन्मोत्सव पर किशनगढ़ बास में निकली भव्य झांकी, मंदिर सजा रोशनी और फूलों से

    हनुमान जन्मोत्सव पर किशनगढ़ बास में कार्यक्रम 

    किशनगढ़ बास। हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर शहर में धार्मिक आस्था और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला। पुराना बाजार स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर को आकर्षक रोशनी और फूलों से सजाया गया। शाम के समय डीजे, बैंड-बाजों और ढोल-नगाड़ों के साथ शहर में 25 भव्य झांकियां निकाली गईं, जिन्होंने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।

    इन झांकियों में भगवान भोले शंकर और हनुमान जी की झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर झांकियों का स्वागत किया और प्रसाद वितरण किया। झांकियों को देखने के लिए महिलाएं, बच्चे और पुरुष बड़ी संख्या में घरों से निकलकर सड़कों पर उमड़ पड़े।

    हनुमान जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में सुबह से ही मंदिर में अखंड रामायण पाठ का आयोजन शुरू किया गया। झांकी का शुभारंभ मंदिर के महंत पंडित कालूराम शर्मा द्वारा विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर किया गया। इस अवसर पर विधायक दीपचंद खेरिया, पंचायत समिति प्रधान बीपी सुमन, नगर पालिका चेयरमैन प्रतिनिधि सतीश सिंघल, भाजपा मंडल अध्यक्ष मनोज मित्तल, संयुक्त व्यापार महासंघ अध्यक्ष परमानंद लखयाणी, भाजपा जिला उपाध्यक्ष राजेश बटवाडा, बने सिंह नरूका, सरपंच जनेश भूटानी और थाना अधिकारी बनवारी लाल मीणा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

    मंदिर समिति के मदनलाल अग्रवाल, विनय गोयल, नवीन जैन, नरेश कांत वशिष्ठ, घीरज सोनी, चंद्र प्रकाश शर्मा और पंकज सोनी सहित अन्य सदस्यों ने अतिथियों का दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया।

    भव्य झांकी में छोटे-छोटे बालक हनुमानजी के स्वरूप में पैदल चलते हुए और शरीर पर ‘राम-राम’ लिखकर नृत्य करते नजर आए। वहीं भोले शंकर की झांकी में कलाकारों ने नृत्य और आग के गोले छोड़कर दर्शकों को आकर्षित किया।

    शाम 6 बजे मंदिर से शुरू हुई झांकी शहर के प्रमुख मार्गों—मुख्य बाजार, संत कंवर राम हरि मंदिर, खैरथल रोड, गंज रोड, काले खान बाग, अलवर रोड, तोप सर्किल और घंटाघर होते हुए देर रात पुनः मंदिर पहुंची। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही।

    इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने हनुमान जन्मोत्सव पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दी गई शुभकामनाओं का ऑडियो चलाकर लोगों को संदेश सुनाया।

    मंदिर समिति के विनय गोयल और नवीन जैन ने बताया कि 2 अप्रैल गुरुवार को अखंड रामायण पाठ का समापन होगा, जिसके उपरांत हवन-यज्ञ किया जाएगा और फिर भंडारे का आयोजन कर श्रद्धालुओं को पंगत में बैठाकर प्रसादी वितरित की जाएगी।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here