बालाजी धाम में जन्मोत्सव पर 1100 किलो पंचामृत से अभिषेक, सोने का चोला चढ़ाया
मेहंदीपुर बालाजी। राजस्थान के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल मेहंदीपुर बालाजी धाम में हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर गुरुवार को आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। देशभर से हजारों श्रद्धालु अपने आराध्य के दर्शन के लिए पहुंचे, जिससे पूरा क्षेत्र भक्ति और उत्साह से सराबोर हो गया। मंदिर परिसर में चारों ओर “जय श्री राम” और “बालाजी महाराज की जय” के जयकारों की गूंज सुनाई देती रही।
मंदिर के सिद्धपीठ महंत डॉ. नरेश पुरी महाराज ने 1100 किलो पंचामृत से स्वयंभू प्रतिमा का अभिषेक किया। इसके बाद बालाजी महाराज, प्रेतराज सरकार और भैरव बाबा को सोने का चोला चढ़ाकर भव्य श्रृंगार किया गया। विशेष पूजा-अर्चना में 251 किलो चूरमा, 711 किलो बूंदी, 511 किलो दाल पकौड़ी और 311 किलो छप्पनभोग अर्पित किया गया। महाआरती के पश्चात श्रद्धालुओं पर चरणामृत के छींटे देकर आशीर्वाद प्रदान किया गया।
हनुमान जन्मोत्सव को लेकर मंदिर परिसर को भव्य रूप से सजाया गया। रंग-बिरंगी लाइटिंग, तीन सौ फीट लंबी गैलरी और फूल बंगला झांकी ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। बाल रूप हनुमान, झूला झूलते स्वरूप, शिव पूजन और राम दरबार की झांकियां विशेष आकर्षण रहीं। इसके अलावा हाथी, घोड़े और बग्गियां भी लोगों के लिए खास आकर्षण का केंद्र बनीं।
आसमान से हेलीकॉप्टर और ड्रोन के माध्यम से गुलाब की पंखुड़ियों की पुष्पवर्षा की गई, जिससे पूरा वातावरण दिव्य हो उठा। श्रद्धालुओं ने इस अनूठे दृश्य को अपने मोबाइल में कैद किया और कई लोगों ने फूलों को प्रसाद के रूप में संजोकर रखा।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर ट्रस्ट द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं की गईं। जगह-जगह एलईडी स्क्रीन लगाकर लाइव दर्शन की सुविधा दी गई। प्रसादी, पेयजल, शौचालय, डॉक्टर, एंबुलेंस और दमकल जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गईं। दिव्यांग और असहाय श्रद्धालुओं के लिए बिना कतार दर्शन की विशेष व्यवस्था की गई।
सुबह से देर रात तक श्रद्धालुओं की कतारें लगी रहीं। सुबह 6 से 11 बजे तक दर्शन में करीब दो से ढाई घंटे का समय लगा, जबकि दोपहर के बाद एक से सवा घंटे में श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।
दौसा और करौली पुलिस प्रशासन के साथ मंदिर ट्रस्ट ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए। कस्बे में वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित कर उन्हें एक किलोमीटर दूर पार्किंग में रोका गया। करीब 150 पुलिसकर्मी और 200 ट्रस्ट के जवान तैनात किए गए। प्रशासनिक अधिकारी लगातार मॉनिटरिंग करते रहे, जिससे आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ।
हनुमान जन्मोत्सव पर आयोजित इस भव्य कार्यक्रम ने एक बार फिर बालाजी धाम की आस्था, परंपरा और भक्ति की महिमा को उजागर कर दिया।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


