More
    Homeराजस्थानअलवरहीटवेव से बचाव को लेकर जिला कलक्टर की अपील, एडवायजरी की पालना...

    हीटवेव से बचाव को लेकर जिला कलक्टर की अपील, एडवायजरी की पालना पर जोर

    और गर्मी से बचाव के उपाय बताए, आमजन और विभागों को सतर्क रहने के निर्देश

    अलवर। जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने जिलेवासियों से भीषण गर्मी और हीटवेव के प्रभाव से बचने के लिए आपदा प्रबंधन, सहायता एवं नागरिक सुरक्षा विभाग द्वारा जारी एडवायजरी की पालना करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लू-तापघात की स्थिति से बचाव के लिए सावधानी और जागरूकता बेहद आवश्यक है।

    जिला कलक्टर ने बताया कि आमजन रेडियो, टीवी, समाचार पत्रों और मोबाइल ऐप के माध्यम से मौसम की अद्यतन जानकारी प्राप्त करें। पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें तथा शरीर को हाइड्रेट रखने के लिए ओआरएस, लस्सी, नींबू पानी और छाछ जैसे पेयों का सेवन करें। उन्होंने हल्के रंग के ढीले सूती कपड़े पहनने, सिर को कपड़े, टोपी या छतरी से ढकने और धूप के चश्मे व सनस्क्रीन का उपयोग करने की सलाह दी।

    उन्होंने नियोक्ताओं और श्रमिकों के लिए भी विशेष दिशा-निर्देश जारी किए। कार्यस्थलों पर ठंडे पेयजल, छाया, छाछ, ओआरएस और प्राथमिक चिकित्सा किट की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। श्रमिकों को तेज धूप से बचाने और श्रमसाध्य कार्य कम तापमान वाले समय में कराने की सलाह दी गई है।

    जिला कलक्टर ने कहा कि बंद वाहनों में बच्चों और पालतू जानवरों को कभी अकेला न छोड़ा जाए। उन्होंने पेड़ लगाने, जल स्रोतों के संरक्षण और वर्षा जल संग्रहण को भी जरूरी बताया।

    लू से प्रभावित व्यक्ति के उपचार को लेकर उन्होंने कहा कि पीड़ित के सिर पर गीला कपड़ा रखें, उसे पानी, ओआरएस या नींबू शरबत दें और तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाएं। लगातार तेज बुखार, चक्कर, कमजोरी या मतली जैसी स्थिति होने पर उच्च स्तरीय चिकित्सालय में उपचार करवाने की सलाह दी गई है।

    पशुधन के लिए भी एडवायजरी जारी करते हुए जिला कलक्टर ने कहा कि पशुओं को छायादार स्थान पर रखें और पर्याप्त स्वच्छ व ठंडा पानी उपलब्ध कराएं। सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक उनसे काम न लिया जाए तथा शेड में पंखे और पानी के छिड़काव की व्यवस्था की जाए।

    उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि हीटवेव और लू-तापघात से बचाव के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार कर आमजन को जागरूक किया जाए तथा जिले में सभी आवश्यक प्रबंधन सुनिश्चित किए जाएं, ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि न हो।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here