हरियालो राजस्थान अभियान में प्रभारी सचिव रवि जैन और कलेक्टर आर्तिक शुक्ला ने गौशाला में रोपे पौधे, संजीवनी पार्क-नमो नर्सरी और राम बावड़ी विकसित करने के निर्देश
अलवर। राजगढ़ ब्लॉक की धीरोड़ा ग्राम पंचायत स्थित श्री हरि गोपाल गौशाला में बुधवार को वृहद हरियालो राजस्थान अभियान के तहत पौधारोपण एवं विकास कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले के प्रभारी सचिव रवि जैन, जिला कलेक्टर श्रीमती आर्तिक शुक्ला, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी यश चौधरी तथा अलवर और जयपुर के उप वन संरक्षक सहित विभिन्न अधिकारियों और ग्रामीणों ने पौधारोपण किया।
गौशाला परिसर में अधिकारियों ने किया पौधारोपण
पर्यावरण प्रेमी एवं श्री हरि गोपाल गौशाला के सचिव प्रदीप चौधरी के अनुसार वृहद हरियालो राजस्थान अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में प्रभारी सचिव रवि जैन, जिला कलेक्टर आर्तिक शुक्ला, सीईओ जिला परिषद यश चौधरी, उप वन संरक्षक ओम प्रकाश शर्मा एवं जगदीश गुप्ता सहित अधिकारियों और ग्रामीणों ने पौधे लगाए।
कार्यक्रम के दौरान प्रभारी सचिव रवि जैन ने धीरोड़ा ग्राम पंचायत में सरकारी भूमि पर श्री हरि गोपाल गौशाला के सहयोग से संजीवनी पार्क, नमो नर्सरी और राम बावड़ी विकसित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
वहीं पर्यावरण प्रेमी प्रदीप चौधरी ने प्रभारी सचिव, जिला कलेक्टर तथा अलवर एवं जयपुर के उप वन संरक्षकों से वन भूमि पर राम वाटिका विकसित किए जाने का आग्रह किया।
16 साल में लगाए करीब 5 हजार बरगद और पीपल
कार्यक्रम के दौरान प्रभारी सचिव रवि जैन और जिला कलेक्टर आर्तिक शुक्ला ने गौशाला सचिव प्रदीप चौधरी की पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता और उनकी जीवन यात्रा के बारे में जानकारी ली। अधिकारियों ने प्रदीप चौधरी द्वारा किए गए व्यापक वृक्षारोपण कार्य के प्रति सराहना एवं कृतज्ञता व्यक्त की।
बताया गया कि प्रदीप चौधरी ने पिछले करीब 16 वर्षों में आसपास की बंजर भूमि पर लगभग 5 हजार बरगद और पीपल के पौधे लगाए हैं। इनमें से अनेक पेड़ अब करीब 15 से 20 फीट तक ऊंचे हो चुके हैं। इसके अलावा गौशाला परिसर में लगभग 350 प्रकार के औषधीय पौधे भी लगाए गए हैं।
95 फीसदी पौधों की सर्वाइवल रेट
प्रदीप चौधरी के अनुसार उनके द्वारा किए गए वृक्षारोपण की सर्वाइवल रेट करीब 95 प्रतिशत है। पर्यावरण एवं वनस्पति विज्ञान के अध्ययन के लिए विभिन्न कॉलेजों की छात्राएं भी यहां आती रहती हैं।
उन्होंने बताया कि उनकी आगामी योजना निकटवर्ती वन क्षेत्र एवं सरकारी बंजर भूमि पर एक ऐसा हर्बल एवं ग्रीन पार्क विकसित करने की है, जहां सरिस्का वन क्षेत्र में पाई जाने वाली विभिन्न प्रकार की वनस्पतियां एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकें।
इस तरह का पार्क विकसित होने पर वनस्पति शास्त्र के शोधार्थियों, विद्यार्थियों और पर्यावरण प्रेमियों को अध्ययन एवं शोध के लिए उपयोगी स्थान उपलब्ध हो सकेगा।
150 से अधिक असहाय और दुर्घटनाग्रस्त गायों की सेवा
श्री हरि गोपाल गौशाला में पर्यावरण संरक्षण और पौधारोपण के साथ-साथ गोसेवा का कार्य भी किया जा रहा है। गौशाला में करीब 150 से अधिक असहाय एवं दुर्घटनाग्रस्त गायों की सेवा-सुश्रुषा की जाती है।
कार्यक्रम में राजगढ़ पंचायत समिति के विकास अधिकारी विक्रम सिंह गुर्जर, अजबगढ़ रेंजर चंद्र प्रकाश मीणा, जिला परिषद अलवर के एक्सईएन नरेंद्र लखीवाल, सहायक विकास अधिकारी राजगढ़ श्याम प्रकाश तिवारी, ग्राम विकास अधिकारी नरेंद्र शर्मा सहित लाडली शरण कौशिक, रामफल गुर्जर, बाबूलाल, रामस्वरूप, मानसिंह गुर्जर सहित सैकड़ों ग्रामीण एवं अधिकारी मौजूद रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


