अलवर में सर्पदंश के बढ़ते मामले, जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों का इलाज जारी
अलवर। जिले में पिछले 24 घंटे के दौरान अलग-अलग क्षेत्रों में जहरीले सांप के काटने की तीन घटनाएं सामने आई हैं। इन घटनाओं में एक युवक और दो महिलाएं सर्पदंश का शिकार हुई हैं। तीनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल के ऑब्जर्वेशन वार्ड में भर्ती कराया गया है, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।
पहली घटना रामगढ़ थाना क्षेत्र के मिलकपुर गांव की है। यहां गुरदीप सिंह रात के समय अपने घर में सो रहे थे। इसी दौरान एक जहरीले सांप ने उनके होंठ पर काट लिया। युवक के शोर मचाने पर परिजन मौके पर पहुंचे और तत्काल उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां समय रहते उपचार शुरू कर दिया गया।
दूसरी घटना राजगढ़ क्षेत्र की है। यहां जगन देवी सुबह अपने घर में झाड़ू लगा रही थीं। इसी दौरान अचानक निकले एक काले कोबरा ने उनके पैर पर डस लिया। परिजनों ने बिना देरी किए उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
तीसरी घटना सदर थाना क्षेत्र के चिकानी गांव में हुई। यहां रीना देवी को जहरीले सांप ने डस लिया। उनकी तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने उन्हें भी जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में इलाज किया जा रहा है।
लगातार हो रही बारिश के कारण ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में सांपों के बिलों में पानी भरने से उनके बाहर निकलने की घटनाएं बढ़ रही हैं। ऐसे में सर्पदंश के मामलों में भी वृद्धि देखी जा रही है।
जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने लोगों से अपील की है कि घर और आसपास साफ-सफाई बनाए रखें, झाड़ियों एवं जलभराव वाले स्थानों से सावधानी बरतें तथा रात के समय टॉर्च का उपयोग करें। यदि किसी व्यक्ति को सांप काट ले तो झाड़-फूंक या घरेलू उपचार के बजाय तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचकर चिकित्सकीय उपचार कराएं।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


