खैरथल-तिजारा में भूमि बंटवारे की रिपोर्ट दोबारा करवाने के नाम पर मांगी थी 50 हजार की रिश्वत, पहले 15 हजार भी लिए
खैरथल-तिजारा। भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने सोमवार को खैरथल-तिजारा जिले के मुण्डावर में ट्रैप कार्रवाई कर सहायक कलक्टर एवं मजिस्ट्रेट के संविदाकर्मी वाहन चालक गजेन्द्र सिंह को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। कार्रवाई एसीबी चौकी अलवर प्रथम की टीम ने मुख्यालय के निर्देश पर की।
एसीबी के अनुसार परिवादी के चाचा का भूमि बंटवारे से संबंधित मामला सहायक कलक्टर एवं मजिस्ट्रेट मुण्डावर के न्यायालय में विचाराधीन था। इस मामले में तहसीलदार से कुरेजात रिपोर्ट मांगी गई थी। परिवादी ने रिपोर्ट को अस्वीकार करते हुए मौके की वास्तविक स्थिति के अनुसार दोबारा रिपोर्ट मंगवाने के लिए आवेदन किया था।
रिपोर्ट दोबारा मंगवाने के नाम पर मांगे 50 हजार
शिकायत के अनुसार परिवादी इस मामले में सहायक कलक्टर से मिलने पहुंचा। आरोप है कि मुलाकात के बाद उसे सहायक कलक्टर के वाहन चालक गजेन्द्र सिंह से संपर्क करने के लिए कहा गया।
परिवादी का आरोप है कि इसके बाद गजेन्द्र सिंह ने दोबारा कुरेजात रिपोर्ट के आदेश करवाने के लिए 50 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की। शिकायत मिलने पर एसीबी ने मामले का सत्यापन कराया।
सत्यापन के दौरान आरोपी द्वारा सहायक कलक्टर के लिए 50 हजार रुपये तथा स्वयं के लिए 5 हजार रुपये की रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इस दौरान आरोपी ने परिवादी से 15 हजार रुपये पहले ही प्राप्त कर लिए थे।
25 हजार रुपये लेते ACB ने दबोचा
रिश्वत मांग की पुष्टि होने के बाद एसीबी ने ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई। सोमवार को परिवादी द्वारा आरोपी को रिश्वत की राशि दिए जाने के दौरान एसीबी की टीम ने कार्रवाई करते हुए गजेन्द्र सिंह को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
कार्रवाई के बाद एसीबी की टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
डीएसपी शब्बीर खान के नेतृत्व में हुई कार्रवाई
यह ट्रैप कार्रवाई डीआईजी डॉ. रामेश्वर सिंह के सुपरवीजन में की गई। एसीबी चौकी अलवर प्रथम के प्रभारी डीएसपी शब्बीर खान के नेतृत्व में टीम ने पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया।
एसीबी के अनुसार आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान किया जाएगा। मामले में रिश्वत की मांग और उससे जुड़े तथ्यों की विस्तृत जांच की जा रही है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


