More
    Homeराजस्थानअलवर80वें स्वतंत्रता दिवस पर श्री आदिनाथ जैन शिक्षण संस्थान में देशभक्ति का...

    80वें स्वतंत्रता दिवस पर श्री आदिनाथ जैन शिक्षण संस्थान में देशभक्ति का उत्सव, प्रतिभाओं का सम्मान

    स्वतंत्रता दिवस पर विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों ने बांधा समां, मेधावी छात्रों और शिक्षकों को मिले पुरस्कार

    अलवर। श्री आदिनाथ जैन शिक्षण संस्थान द्वारा संचालित सभी संस्थाओं की ओर से 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। संस्थान अध्यक्ष अशोक कुमार जैन ‘अगोनिज’ की अध्यक्षता में आयोजित समारोह का शुभारंभ पुष्पांजलि अर्पण, बिगुल वादन और ध्वजारोहण के साथ हुआ। ध्वजारोहण के बाद उपस्थित सभी लोगों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाकर राष्ट्र के प्रति सम्मान एवं समर्पण की भावना व्यक्त की। संस्थान अध्यक्ष ने मार्च पास्ट की सलामी भी ली।

    समारोह में विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों को भाव-विभोर कर दिया। आदिनाथ पब्लिक स्कूल की ओर से समूह गान ‘अपना हिमालय ऊंचा रहे’ और समूह नृत्य ‘न्यू हिंदुस्तान’ प्रस्तुत किया गया। जैन उच्च माध्यमिक विद्यालय मन्नी का बड़ के विद्यार्थियों ने ‘फिर भी दिल है हिंदुस्तानी’ समूह नृत्य प्रस्तुत किया।

    श्री आदिनाथ जैन महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने ‘आजादी तब से अब तक’ समूह नृत्य के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम के विभिन्न पहलुओं को मंच पर जीवंत किया। वहीं श्री जैन शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय की ओर से ‘स्वतंत्रता एक विरासत, एक जिम्मेदारी’ विषय पर प्रस्तुति दी गई। इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों ने स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान को याद किया।

    सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से प्रभावित होकर संस्थान अध्यक्ष की ओर से सभी प्रस्तुतियों के लिए सामूहिक रूप से 51 हजार रुपये का पारितोषिक प्रदान किया गया।

    मेधावी विद्यार्थियों और शिक्षकों का सम्मान

    समारोह के दौरान संस्थान अध्यक्ष एवं प्रबंध कार्यकारिणी तथा विभिन्न संस्थानों के प्राचार्य, प्रधानाचार्य एवं उप-प्रधानाचार्यों की ओर से उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले विद्यार्थियों एवं शिक्षकों का सम्मान किया गया।

    जैन शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय की प्रवक्ता डॉ. सुचि जैन को पीएचडी की उपाधि प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया। वहीं श्री आदिनाथ जैन महाविद्यालय की मेधावी छात्रा तनु शर्मा (वाणिज्य संकाय) को विश्वविद्यालय स्तर पर स्वर्ण पदक प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया।

    जैन शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय की बीएड छात्राध्यापिका ज्योति मीणा तथा इंटीग्रेटेड विज्ञान की छात्राध्यापिका सोनिया गुप्ता को विश्वविद्यालय स्तर पर स्वर्ण पदक प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया। इंटीग्रेटेड आर्ट्स की छात्राध्यापिका गुंजन ढिल्लवाल को भारत स्काउट एवं गाइड में राज्यपाल पुरस्कार प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया।

    सम्मानित छात्राध्यापिकाओं एवं छात्रों को संस्थान अध्यक्ष की ओर से 11-11 हजार रुपये का पारितोषिक प्रदान किया गया।

    आदिनाथ पब्लिक स्कूल की छात्रा जाह्नवी शर्मा को कक्षा 12वीं में 99 प्रतिशत अंक प्राप्त करने पर सम्मानित करते हुए एक लाख रुपये का पुरस्कार प्रदान किया गया। वहीं जैन शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय की बीएड द्वितीय वर्ष की छात्राध्यापिका अंजली मलिक का ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय, इंग्लैंड में उच्च शिक्षा के लिए चयन होने पर संस्थान अध्यक्ष की ओर से 2 लाख 1 हजार रुपये का पारितोषिक दिया गया।

    आदिनाथ पब्लिक स्कूल के शारीरिक शिक्षक मनोज कुमार सैनी को 85 बार रक्तदान करने के लिए सम्मानित किया गया।

    देश की एकता और संविधान के मूल्यों का सम्मान जरूरी

    संस्थान अध्यक्ष अशोक कुमार जैन ‘अगोनिज’ ने अपने संबोधन में कहा कि देश को स्वतंत्रता अनेक महान स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान के बाद मिली है। इसलिए प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह देश की एकता, अखंडता और संविधान में निहित मूल्यों का सम्मान करे।

    उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि शिक्षा को अपना प्रमुख आधार बनाकर समाज और राष्ट्र के विकास में योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी देश के भविष्य की महत्वपूर्ण कड़ी है और शिक्षा, संस्कार तथा राष्ट्रप्रेम के माध्यम से देश को और मजबूत बनाया जा सकता है।

    समारोह में संस्थान के सचिव नरेंद्र कुमार जैन, उपाध्यक्ष नीरज जैन, कोषाध्यक्ष कुलदीप जैन, सहसचिव मगन चंद जैन सहित संस्थान के पदाधिकारी, विभिन्न जैन समाज एवं मंदिर संस्थाओं के प्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, प्राचार्य, प्रधानाचार्य, शिक्षकगण, छात्राध्यापक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

    कार्यक्रम का मंच संचालन श्रीमती सुनीता आचार्य, सुश्री ललिका शर्मा एवं श्रीमती सुनीता मित्तल ने किया। संस्थान सचिव नरेंद्र कुमार जैन ने समारोह को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। समारोह का समापन उपस्थित सभी लोगों द्वारा देशभक्ति गीत ‘सारे जहां से अच्छा’ के सामूहिक गायन के साथ हुआ।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here