माय भारत अभियान से युवाओं को पोर्टल पर पंजीकरण कर कौशल विकास और राष्ट्रीय कार्यक्रमों में भागीदारी का मौका
अलवर। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत संचालित माय भारत (MY Bharat) अभियान के तहत जिले में युवाओं को राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से सघन पंजीकरण अभियान शुरू किया गया है। इसके माध्यम से 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा विभिन्न प्रशिक्षण, स्वयंसेवी और नेतृत्व विकास कार्यक्रमों से जुड़ सकेंगे।
जिला युवा अधिकारी ने बताया कि अभियान के तहत जिले के विद्यालयों, महाविद्यालयों, आईटीआई संस्थानों, कौशल प्रशिक्षण केंद्रों और युवा क्लबों के माध्यम से युवाओं को माय भारत पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इस दौरान स्वयंसेवक युवाओं को पोर्टल की विभिन्न सुविधाओं और उससे मिलने वाले लाभों की जानकारी भी दे रहे हैं।
उन्होंने बताया कि माय भारत पोर्टल के माध्यम से युवाओं को स्वयंसेवा, कौशल विकास, नेतृत्व निर्माण, सामुदायिक सेवा और विभिन्न सरकारी अभियानों में भागीदारी का अवसर प्राप्त होता है। इसके साथ ही प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र और व्यावहारिक अनुभव भी मिलता है।
माय भारत पोर्टल के माध्यम से युवा अनुभव आधारित प्रशिक्षण कार्यक्रम, अंतर-जिला एवं अंतर-राज्य युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम, खेल गतिविधियों, विकसित वाइब्रेंट विलेज भ्रमण कार्यक्रम, विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग और विकसित भारत युवा संसद जैसे कार्यक्रमों में भी भाग ले सकते हैं।
अधिकारियों के अनुसार वर्तमान में नशा मुक्त भारत अभियान भी प्रत्येक जिले में संचालित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत युवा नृत्य, वाद-विवाद, कविता लेखन, रील निर्माण, चित्रकला और नुक्कड़ नाटक जैसी आठ विभिन्न विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकते हैं। जिला स्तर पर चयनित प्रतिभागियों को राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में पोर्टल पर पंजीकरण कराने और अपने कौशल का विकास करने की अपील की है। इच्छुक युवा माय भारत के आधिकारिक पोर्टल पर जाकर अपना पंजीकरण करा सकते हैं।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

