प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी युवाओं को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करेंगे नशा मुक्त युवा अभियान के शुभारंभ पर
अलवर। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत संचालित माय भारत के तत्वावधान में 2 अगस्त 2026 को ‘नशा मुक्त युवा विकसित भारत संकल्प अभियान’ का शुभारंभ किया जाएगा। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशभर के युवाओं को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करेंगे।
जिला युवा अधिकारी श्रीमती नेहा जादौन ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य युवाओं को मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें स्वस्थ, जिम्मेदार और नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। कार्यक्रम के दौरान देशभर के लगभग 10 हजार स्थानों से एक करोड़ से अधिक युवाओं के जुड़ने की संभावना है। इस अवसर पर युवा सामूहिक रूप से नशा मुक्ति की शपथ भी लेंगे।
उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत अगले 100 सप्ताह तक प्रत्येक रविवार को खेल प्रतियोगिताएं, फिटनेस गतिविधियां, सांस्कृतिक कार्यक्रम, जागरूकता रैलियां, पदयात्राएं, ध्यान सत्र, नुक्कड़ नाटक और विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इसके साथ ही माय भारत पोर्टल के माध्यम से ई-प्रतिज्ञा अभियान भी चलाया जाएगा। जिला और राज्य स्तर पर लोकगीत, चित्रकला, वाद-विवाद, नारा लेखन, मूक अभिनय और लघु फिल्म तथा रील प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जाएगा।
जिला युवा अधिकारी ने बताया कि इस अभियान का समापन 14 अगस्त 2026 को नई दिल्ली में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय नशा मुक्ति युवा सम्मेलन के साथ किया जाएगा। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रतिभागियों और संस्थाओं को सम्मानित भी किया जाएगा।
उन्होंने युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में अभियान से जुड़ने और समाज को नशामुक्त बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

