भाजपा सरकार की कछुआ चाल से पिछड़ीं परियोजनाएं, नेता प्रतिपक्ष ने उठाए विकास कार्यों पर सवाल
जयपुर। राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने राज्य की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में विकास कार्यों की रफ्तार थम गई है और अनेक महत्वपूर्ण परियोजनाएं निर्धारित समय सीमा से पीछे चल रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की कछुआ चाल के कारण न केवल विकास प्रभावित हो रहा है, बल्कि सरकारी खजाने और आम जनता पर भी अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ रहा है।
टीकाराम जूली ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों और अन्य आधारभूत ढांचा परियोजनाओं की प्रगति बेहद धीमी है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में निर्माणाधीन 32 प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं में से 15 परियोजनाएं निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी नहीं हो सकी हैं। उन्होंने सवाई माधोपुर आरओबी, अजमेर-नागौर वीयूपी और दिल्ली-वडोदरा एक्सप्रेस-वे जैसी परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनकी गति बेहद धीमी बनी हुई है।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि अक्षय ऊर्जा क्षेत्र से जुड़ी कई ट्रांसमिशन परियोजनाएं भी निर्धारित समय सीमा से पीछे चल रही हैं। बीकानेर, जैसलमेर, बाड़मेर, मेवाड़ और सिरोही क्षेत्रों से संबंधित परियोजनाओं की समयावधि बढ़ाई जा चुकी है। उनका कहना था कि इससे प्रदेश के विकास की रफ्तार प्रभावित होगी और निवेश की संभावनाओं पर भी असर पड़ेगा।
टीकाराम जूली ने पचपदरा रिफाइनरी परियोजना का जिक्र करते हुए कहा कि किसी भी परियोजना में देरी का सीधा असर उसकी लागत पर पड़ता है। उन्होंने कहा कि जब परियोजनाएं समय पर पूरी नहीं होती हैं तो उनकी लागत बढ़ जाती है और उसका भार अंततः आम जनता को उठाना पड़ता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार आंतरिक खींचतान और राजनीतिक गतिविधियों में अधिक व्यस्त है, जबकि जनता से जुड़े मुद्दों और विकास कार्यों पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता सरकार की कार्यशैली को देख रही है और आने वाले समय में इसका जवाब भी देगी।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि निकाय चुनावों से पहले इस प्रकार के बयान प्रदेश की राजनीति को और गर्मा सकते हैं। विपक्ष लगातार कानून-व्यवस्था, विकास कार्यों और छात्रसंघ चुनावों जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरने में जुटा हुआ है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


